जमशेदपुर : बारीडीह के रहनेवाले डिलीवरी ब्यॉय मलय दत्ता का मोबाइल फोन पिछले साल अगस्त महीने में काम की आपाधापी में बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में ब्लू डायमंड के पास कहीं गिर गया था.गरीब परिवार का मलय मायूस हो गया था और मोबाइल वापस मिलने की कभी कल्पना तक नहीं की थी.लेकिन शनिवार को तब उसका चेहरा खिल उठा जब बिष्टुपुर थाना के मल्टीपरपस हॉल में एसएसपी प्रभात कुमार की पहल पर आयोजित मेगा डिस्ट्रीब्यूशन कैंप में उसे अपना खोया हुआ मोबाइल पुलिस की तरफ से सौंपा गया. उसने शार्प भारत से बातचीत में बताया कि वह जमशेदपुर पुलिस के प्रति एहसानमंद है. (नीचे भी पढ़ें)

दरअसल, जिले में मोबाइल की गुमशुदगी के लगभग 300 सनहा दर्ज थे.एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर इन मामलों की प्राथमिकता के आधार पर जांच की गई जिनमें जमशेदपुर में चोरी या खोए मोबाइल के ऑपरेट होने की जानकारी हुई..300में से लगभग 150मोबाइल पुलिस ने जब्त किए और धीरे धीरे मोबाइल मालिकों से संपर्क साधा और आज बिष्टुपुर थाना के मल्टीपरपस हाॅल में 59लोगों को बुलाकर औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद उनके मोबाइल सौंप दिए गए.इनमें काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं.लोगों की खुशी का ठिकाना ही नहीं था. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
बागबेडा के रहनेवाले नीरेन की बहन का मोबाइल एक साल पहले बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के टीएमएच के पास गिर गया था जिसकी शिकायत दर्ज कर कर वे लोग भूल गए थे.आज जब पुलिस के बुलावे पर अपनी बहन का मोबाइल लेने वे आए तो उनको यकीन नहीं हो रहा था. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
कदमा की दीप्ति उपाध्याय का भी मोबाइल एक साल पहले बिष्टुपुर में कहीं गिर गया था और आज अपना मोबाइल देखकर उनकी आंखों में खुशी के आंसू आ गए. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
एस एसपी प्रभात कुमार ने शार्प भारत से बातचीत करते हुए कहा कि आम तौर पर मोबाइल गुमशुदगी के मामले अपराध के अन्य मामलों की अपेक्षाकृत प्राथमिकता में नहीं होते लेकिन अपराध तो अपराध है और जिनके सामान खासकर मोबाइल गुम होते हैं उनको अनेक परेशानियों का सामना करना पडता है.पुलिस आम आदमी की सुरक्षा के लिए ही है इसका मैसेज जाना भी जरूरी है. यही वजह है कि मेगा कैंप लगाकर एक साथ लोगों के बीच मोबाइल सौंपे गए ताकि किसी को ये भी शिकायत न रहे कि उनको अपने सामान के लिए थानों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
एसएसपी ने कहा कि अगर किसी के मोबाइल गुमशुदगी का मामला दर्ज है तो वह संबंधित थाने में संपर्क कर सकता है. पुलिस के पास कुल 150 मोबाइल रिकवरी के हैं, जिनमें से 59 आज दिए गए और बाकी भी धीरे-धीरे दे दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि फिलहाल चोरी या गुमशुदगी के जो मोबाइल जमशेदपुर और आसपास ऑपरेट हो रहे थे, उनकी रिकवरी की गई है, आनेवाले समय में जमशेदपुर से बाहर ऑपरेट हो रहे मोबाइल की जबिती होगी और संबंधित मोबाइल मालिकों को सौंपा जाएगा. इस कैंप में बिष्टुपुर, कदमा, सोनारी, मानगो, साकची, सिदगोडा समेत टेल्को के पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.इस रिकवरी में पुलिस के टेक्नीकल सेल का खासा योगदान रहा. कैंप के दौरान एस एसपी ने मौजूद लोगों को ट्रैफिक के नियम का पालन करने की शपथ भी दिलाई.




