पलामू: 24 दिसंबर को पलामू के राहुल शुक्ला की बहुप्रतीक्षित हिंदी फिल्म उपन्यास रिलीज हुई. इस फिल्म को ओटीटी प्लेटफार्म एमएक्स प्लेयर पर देख सकते है. फिल्म की शूटिंग मुंबई और पलामू में हुई है. फिल्म निर्देशक राहुल शुक्ला ने बताया की फिल्म उपन्यास की कहानी एक ऐसे उपन्यास लेखक के जीवन पर आधारित है जो अपने लिखे किरदारों को जीवंत देखने लग जाता है. यह फिल्म एक मनोवैज्ञानिक थ्रिलर है. रिलीज से पहले फिल्म को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में भेजा गया था जहाँ से इसे कई पुरस्कार भी मिला है. इस फिल्म में बॉलीवुड के कलाकारों के साथ पलामू के कई कलाकार मुख्य भूमिका में दिखेंगे. इस फिल्म के सिनेमेटोग्राफर बादल मणि भी झारखंड के ही रहने वाले हैं. राहुल ने फिल्म के निर्देशन के साथ ही साथ स्टोरी, स्क्रीन प्ले और डायलॉग खुद संभाल रखा है. पलामू के संजीत प्रजापति ने फिल्म में आर्ट डायरेक्टर के रूप में योगदान दिया है.(नीचे भी पढ़े)
राहुल ने बताया कि पलामू में शूटिंग के समय पलामू चेंबर अध्यक्ष आनंद शंकर व कर्नल संजय सिंह से काफी सहयोग मिला है. इस फिल्म में नदीम खान, आदित्य लाखिया जैसे मुंबइया सितारों के साथ पलामू के जाने-माने रंगकर्मी सैकत चट्टोपाध्याय, अविनाश तिवारी, मुनमुन चक्रवर्ती, संजीव सिंह, संजीव तिवारी राजन, रजनीकांत सिंह, संजीव नयन आदि ने काम किया है. इसकी शूटिंग मेदिनीनगर शहर के कई जगहों के अलावा दुबियाखाड़, केचकी आदि में किया गया है.‘उपन्यास’ फिल्म के निर्देशक राहुल शुक्ला पलामू के रेहला निवासी हैं. सेक्रेड हर्ट स्कूल की शिक्षिका अनिता शुक्ला तथा संत तुलसीदास इंटर कॉलेज, रेहला के व्याख्याता डॉ विजय प्रसाद शुक्ला के पुत्र राहुल विगत कई सालों से मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में काम कर रहे हैं. इससे पहले उनकी कई शार्ट फिल्म व विज्ञापन फिल्म रिलीज हो चुकी है. फिल्म उपन्यास की शूटिंग चूंकि पलामू में की गयी है, इसलिए उन्होंने पलामू के लोगों से अपील की है कि इस फिल्म को ओटीटी प्लेटफार्म एमएक्स प्लेयर पर अधिक से अधिक देखें ताकि उनका मनोबल बढ़े और वे दूसरी बार भी बहुत जल्द शूटिंग करने पलामू पहुंच सकें.



