जमशेदपुर : रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा रक्तदान जागरूकता अभियान के तहत न सिर्फ शहरी बल्कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र में भी रक्तदान के प्रति जागरुकता नियमित रूप से बढायी जा रही है, जिस क्रम में जागरुकता के साथ-साथ रक्तदान शिविरों का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान में सहभागिता कर जोड़ा जा रहा है। आज इसी क्रम में जिला के ग्रामीण क्षेत्र घाटशिला में वहां की जागरूक महिलाओं के संगठन मारवाड़ी महिला समिति घाटशिला तथा रेड क्रॉस सोसाइटी की घाटशिला उप शाखा के माध्यम से एक रक्तदान शिविर का आयोजन घाटशिला में किया गया, जिसमें 36 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर इस अभियान को आगे बढाया। रक्तदान शिविर को सफल बनाने में मारवाड़ी महिला समिति की सदस्यों के साथ घाटशिला रेड क्रॉस के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभायी। जिला रेड क्रॉस से वाईस पेट्रन डीके घोष, देबजीत बोस, अशोक सिंह, गीता सिंह, समीर दत्ता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। जमशेदपुर ब्लड बैंक द्वारा रक्त संग्रहण किया गया। (नीचे भी पढ़ें)
मेगा नेत्र शिविर 7 जनवरी से
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा नियमित रूप से आयोजित होने वाले नेत्र शिविरों की कड़ी में 31 दिसम्बर 2022 से 2 जनवरी 2023 तक आयोजित होने वाला नेत्र शिविर वर्ष के अंत और नये वर्ष की शुरुआत को देखते हुए दूरदराज के मरीजों की असुविधा, रेड क्रॉस की टीम के द्वारा एम्बुलेंस एवं फर्स्ट एड सेवा में रहने तथा चिकित्सकों की व्यस्तता को देखते हुए स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। अब 7 जनवरी से 10 जनवरी 2023 तक स्व. के. के. सिंह की पुण्य स्मृति में मेगा आई कैम्प का आयोजन किया जायेगा। 7 जनवरी को प्रातः 8 बजे से बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में नेत्र रोगी अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे, नेत्र रोगी अपने साथ अपना कोई भी पहचान पत्र वोटर कार्ड या आधार की कॉपी या ऐसा कोई भी पहचान पत्र जिसपर पूरा नाम पता लिखा हो तथा अपना या अपने परिजन का एक मोबाइल नम्बर अवश्य लायेंगे।



