जमशेदपुर : डोमिनोज पिज्जा का आर्डर देकर मंगाने और फिर पैसा देने के बजाय डिलीवरी ब्वॉय के साथ मारपीट कर 17 पिज्जा छीन लेने के मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में डिलीवरी ब्याय प्रभजीत सिंह की ओर से एफआइआर दायर किया गया था, जिसके बाद पुलिस ने सारे सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया. प्रभजीत सिंह ने बताया कि वह पिज्जा और कोल्ड ड्रिंक का आर्डर मिलने पर डिलीवरी करने के लिए मानगो गया था. मानगो समता नगर के पास वह डिलीवरी देने पहुंचा तो 17 पिज्जा और सारे कोल्ड ड्रिंक्स लड़कों ने ले लिया और पैसा मांगने पर उसकी पिटाई कर दी. (नीचे भी पढ़े)
उसके पास से पैसे भी छिन लिये. इसके बाद वह मानगो थाना पहुंचा, जिसके बाद उसने घटना की जानकारी दी. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार सारे लोग मानगो समता नगर के रहने वाले है. पकड़े गये लोगों में एक नाबालिग है जबकि जेल भेजे गये लोगों में सूरज मुंडा, प्रदीप यादव, राहुल यादव, अमन यादव और विजय तंतुबाई शामिल है. पुलिस उनके पास से पेप्सी का कोल्ड ड्रिंक और डोमिनोज पिज्जा का 10 खाली डिब्बा बरामद किया है. दो मोबाइल फोन भी जब्त किया है. सारे लोगों को जेल भेज दिया गया है. नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है.



