जमशेदपुर : पूरे विश्व की तुलना में भारत वर्ष में तलाक की दर 2 प्रतिशत से भी कम रही है. लेकिन हाल के दिनों में भारतीय युवाओं में तलाक का ट्रेंड काफी तेजी से बढ़ रहा है. पिछले कुछ वर्षों में शादीशुदा जोड़ों के अलग होने की प्रवृत्ति में काफी तेजी से उछाल आया है. हालिया सर्वे के आंकड़ों के आधार पर कहा जा सकता है कि शादी को एक-दो महीने भी पूरे नहीं होते कि तलाक की अर्जी अदालत के दरवाजे पर पहुंच जाती है. इस पहलू को जानने से पहले यह पता लगाना होगा कि क्या कारण है कि आज के युवा शादी जैसे अटूट रिश्ते को मजाक बनाने पर मजबूर हो रहे हैं. आपाधापी की जिंदगी में तेजी से बढते रिश्तों को खत्म करने की प्रथा काफी बढ़ी है, इसके लिए प्रतिबद्धता के मुद्दे, पारिवारिक दबाव और अपरिवक्ता अहम योगदान निभाता है. आसान भाषा में कहें तो आज के ज्यादातर मामलों में लड़के परिवार व जॉब को प्राथमिकता देते हैं. लड़के वालों की चाहत है कि पढ़ी-लिखी लड़की उनके घर की बहू बने और ऐसा वे करते भी हैं. लेकनन फिर रोक- टोक एवं पाबंदिया शुरू हो जाती हैं. (नीचे भी पढ़ें)
अरेंज्ड शादियों से पूर्व लड़की को मिलने वाली आजादी के बारे में लड़का-लड़की तो आपस में बात करते हैं, कई मामलों में लड़के के माता- पिता भी करते हैं, लेकिन बाद में वही सास-ससुर बन जाते हैं. इसके बाद शादी होने के बाद लड़की के बाहर आने-जाने पर कई तरह की पाबंदियां लगा देते हैं या फिर समय के अनुसार बहू बाहर नहीं निकले इसके लिए समाज का हवाला देने लगते हैं. तलाक के मामलों में पढा-लिखा वर्ग इसका अधिक शिकार बन रहा है. इसका मुख्य कारण शहरों में रहनेवाली लड़की को शादी के बाद दबाने की कोशिश की जाती है. परिवार के लोग शायद समझने में चूक करते हैं कि आज के समय में पति-पत्नी की आय बढ़ी है. कहने का मतलब है कि लड़कियां भी अब पति पर निर्भर नहीं हैं. फिर परिवार और खुद लड़का भी घर अच्छे से चलाने और मॉडर्न सुख-सुविधाओं से लैस लाइफ स्टाइल वाली लड़की को पसंद करता है. शादी के बाद लोग जरूरत से ज्यादा उम्मीद कर बैठते हैं कि जॉब करने वाली लड़की घर के सारे काम भी करे, जैसे खाना बनाना, साफ-सफाई आदि, लेकिन वह तो अपनी पिछली लाइफ स्टाइल के अनुसार बाहर से खाना मंगाना व साफ-सफाई के लिए दाई रखने में विश्वास रखती है. यह ही है मूल कारण जिसके कारण तलाक जैसी नौबत आ जाती है. साथ ही लड़कियों पर कई तरह के दबाव डाले जाते हैं. साथ ही परिवार को जल्द आगे बढ़ाने का दबाव भी लड़की पर होता है. इसके लिए पति-पत्नी को आपसी सहमति से फैसला लेना चाहिए. इस मामले में कई बार देखा जाता है कि सास- ससुर मालिक बन जाते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
यहीं से रिश्ते की डोर कमजोर नजर आने लगती है. इस स्थिति में एक जॉब करने वाली लड़की जो अपने हिसाब से अपनी शर्तों पर जीवन व्यतीत करती आई है, उसे परिवार के लोग पौराणिक ख्यालों में उलझाने की कोशिश करते हैं, जो रिश्तों की कड़िय़ों को कमजोर करता है. जब आप रिश्ता देने जा रहे हैं तो उसी समय आप भविष्य तय कर लें. सभी संभावित परिस्थितियों पर अपने आप में चर्चा भी कर सकते हैं. आज के दौर में माता पिता को भी यह ख्याल रखना होगा कि जॉब वाली लड़की ढूंढ़ने निकल रहे हैं तो ऐसी लड़की आप के बस में नहीं रहेगी. जॉब करने जाएगी, उसे पूरी आजादी चाहिए, अगर आप दे सकते हैं तो ही जॉब वाली लड़की को बहू के रूप में घर लायें, नहीं तो उसी समय आप नकार दें. कुछ लड़कियां दोनों में निपुण होती हैं, वे दोनों परिवारों को मिलाकर चल सकती हैं. शादी के बाद आप अपने तरीके से दबाव बनाने की कोशिश न करें तो अच्छा है. परिवार के लोग शादी के एक साल बाद ही दादा- दादी या नाना- नानी बनने की उम्मीद न करें. यह दवाब पहले लड़का पर आता है और फिर वही दवाब लड़का लड़की पर ट्रांसफर कर देता है, जिससे उनके आपसी रिश्तों में खटास आने लगती है और रिश्तों का दम घुटने लगता है.











