चाईबासा : केंद्रीय गृह सह सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिला के चाईबासा के टाटा कॉलेज में जनसभा को संबोधित किया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यहां झारखंडवासियों का राज्य में बदलाव के लिए आह्वान करते हुए वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव अभियान की विधिवत शुरुआत की. गृहमंत्री अमित शाह ने स्थानीय टाटा कॉलेज मैदान में आयोजित विजय संकल्प रैली में क्षेत्र के लोगों की भीड़ को संबोधित करते हुए उन्हें केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उसकी तुलना में राज्य की हेमंत सरकार पर जोरदार हमला बोला. गृहमंत्री ने कहा कि कोल्हान में इतना खनिज दबा है, जिससे पूरे देश की गरीबी दूर की जा सकती है, किन्तु राज्य की सत्ता पर ऐसी सरकार काबिज है जिसकी नीतियों के कारण खनिजों की लूट मची हुई है. उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर भाजपा शासन में शुरू हुए विकास कार्यों पर ब्रेक लगाते हुए राज्य को भ्रष्टाचारियों एवं दलालों के हवाले कर देने का आरोप लगाया. राज्य सरकार द्वारा घोषित 1932 के खतियान आधारित स्थानीयता नीति को राज्य की आदिवासी जनता के साथ धोखा बताया. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि कोल्हान क्षेत्र में वर्ष 1964 में बंदोबस्ती हुई थी और राज्य सरकार 1932 के खतियान को आधार बना रही है. उन्होंने सवाल किया कि ऐसे में पश्चिम सिंहभूम जिला और चाईबासा के लोगों को नौकरियां कैसे मिलेंगी. उन्होंने आदिवासी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आदिवासी विरोधी करार देते हुए झारखंडवासियों का राज्य की सत्ता बदलने के लिए आह्वान किया. उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता अब सबकुछ समझ रही है और राज्य के आदिवासी अपने साथ किये जा रहे छल के लिए उन्हें माफ नहीं करेंगे. उन्होंने उपस्थित भीड़ से ही राज्य में सरकार बदलने का हामी भरवाते हुए आगामी लोकसभा चुनावों के लिए माहौल बनाने का प्रयास किया. इससे पूर्व उन्होंने चाईबासा में पार्टी की कोर कमेटी के साथ बैठक भी की, जिसमें संगठनात्मक सहित अनेक मुद्दों पर चर्चा हुई. आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी का अभियान शुरू करने के उद्देश्य से आयोजित विजय संकल्प रैली को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्य में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी एवं पूर्व मुख्यमंत्री सह पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के साथ ही अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया. मंच पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, पलामू के सांसद बीडी राम, रांची के सांसद संजय सेठ, चतरा के सांसद सुनील सिंह, राज्यसभा सांसद समीर उरांव, दुमका के सांसद सुनील सोरेन, धनबाद के सांसद पीएन सिंह, गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे, लोहरदगा के सांसद सुदर्शन भगत, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, रांची मेयर आशा लकड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी समेत अन्य नेता मौजूद रहे. (नीचे भी पढ़ें)

शाह के संबोधन की बड़ी बातें
चाईबासा में जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा. श्री शाह ने कहा कि झारखंड की हेमंत सोरेन ने झारखंड को तबाह कर दिया है. ये सरकार आदिवासी विरोधी सरकार है. पूरे भारत की गरीबी यहां से मिटाई जा सकती है, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया. जब हमारी सरकार यहां थी तो हमारी सरकार ने यहां शिक्षा और विद्युत, हर तरह का काम शुरू किया था, लेकिन फिर ऐसी सरकार आई जिसने राज्य को तबाह करके रख दिया. अटल जी ने बिहार से राज्य को अलग करने की मांग को पूरा किया था. (नीचे भी पढ़ें)

भ्रष्टाचार अपनी चरम सीमा पर : शाह
उन्होंने कहा कि इस राज्य का मुख्यमंत्री तो जनजातियों का है मगर ये उन्ही का विरोधी है. भ्रष्टाचार अपनी चरम सीमा पर है. जबरन उनकी जमीन लूटी गई है. राज्य में घुसपैठिओं से रक्षा करने की जिम्मेदारी किनकी है उनकी है या नहीं, लेकिन अपनी वोट बैंक के लिए जो माता बहनों के साथ जो वो कर रहे हैं. जनता उन्हें माफ नहीं करेगी. इसका परिणाम उन्हें 2024 में देखने को मिल जाएगा. 2024 में कमल खिल जाएगा. राज्य में नौकरी के नाम पर युवाओं और खतियान के नाम पर आदिवासियों के साथ धोखा हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
आदिवासी महिला को बनाया राष्ट्रपति : शाह
अमित शाह ने कहा कि हमने एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाया है. द्रौपदी मुर्मू जी आज देश की राष्ट्रपति है जो की पहली बार हुआ है जब किसी आदिवासी को ये पद दिया गया है. वहीं, उन्होंने ये भी कहा कि हेमंत सरकार ने आदिवासियों की जमीन बेचने का काम किया है. सोरेन सरकार घुपैठियों के मध्यम से यहां के आदिवासियों के जमीन हड़पने का काम करवा रही है. इस सरकार ने केवल और केवल भ्रष्टाचार किया है. इस बार झारखंड की सरकार में परिवर्तन आएगा.














