चाईबासा : झारखंड की धरती पर भाजपा ने 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव की तैयारियों का आगाज कर दिया है. केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के थिंक टैंक अमित शाह ने इसकी शुरुआत कर दी है. पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा के टाटा कॉलेज मैदान में सभा की तो उन्होंने भाजपा के झारखंड के कोर कमेटी के लोगों के साथ मीटिंग भी की. चाईबासा सर्किट हाऊस में उन्होंने कोर कमेटी के लोगों के साथ मीटिंग की. इस मीटिंग में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, भाजपा विधायक दल के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश प्रभारी और सभी जिला अध्यक्ष और जिला संगठन के लोगों ने हिस्सा लिया. कोर कमेटी की इस बैठक में अमित शाह ने साफ संदेश दे दिया कि किसी भी हाल में सभी 14 सीटों को जीतना है. सभी सीटों को जीतने के लिए सबको सारे मतभेद भुलाकर चुनाव में लड़ना होगा. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को जिम्मेदारी निभाने को कहा गया. पार्टी की आपसी गतिरोध का असर पार्टी के प्रदर्शन पर पड़ रहा है. इस कारण इन सारे गतिरोध को दूर करने को कहा गया. करीब एक घंटे की बैठक में अमित शाह ने कहा कि पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी. इस दौरान चाईबासा के प्रभारी और केंद्रीय रेल राज्य मंत्री भी थे. उनको कहा गया कि हर हाल में पार्टी जीते, इसके लिए कोशिश की जानी है. कोल्हान के सारे 14 विधानसभा सीट से इसकी शुरुआत कर विधानसभा चुनाव में झारखंड में सरकार बनाया जाना है. मीटिंग में अमित शाह ने चेतावनी दी कि कोई पार्टी के हितों से ऊपर नहीं है और अगर पार्टी के हित का टकराव निजी हितों के साथ होगा तो वे किसी भी हाल में बरदाश्त नहीं करेंगे. मिशन 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव दोनों में एक साथ लगने का आह्वान किया. एक पार्टी, एक मिशन 2024 पर लग जाने को कहा.












