सरायकेला : जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया बाजार के स्थायी दुकानदारों ने 1210 रुपए टैक्स वसूली के विरोध में सोमवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखे. बता दें कि बाजार की साफ-सफाई एवं रख-रखाव का जिम्मा मेसर्स स्नेहा इंटरप्राइजेज को मिला है. इसके तहत बाजार से शुल्क वसूली का काम भी एजेंसी को ही करना है. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि गम्हरिया बाजार के अस्थायी दुकानदार नियमित रूप से शुल्क देते आ रहे हैं, किन्तु स्थायी दुकानदार 1210 रुपये के तय शुक्ल का विरोध करते हुए उसका भुगतान नहीं कर रहे हैं. विगत दिनों स्थायी दुकानदारों ने बैठक कर शुल्क बढ़ोतरी का विरोध शुरू किया है. इसी के तहत सोमवार को स्थायी दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे. स्थायी दुकानदारों ने साफ कर दिया है कि वे बढ़ी दर पर शुल्क नहीं देंगे. बता दें कि 19 नवंबर को आदित्यपुर नगर निगम प्रशासन ने गम्हरिया बाजार के स्थायी दुकानदारों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन शुल्क की वसूली का निर्देश जारी किया था. इसके बाद एजेंसी, मेसर्स स्नेहा इंटरप्राइजेज हरकत में आई और दुकानदारों से सहूलियत के अनुसार शुल्क की वसूली का काम शुरू किया. मगर स्थायी दुकानदारों ने अब तक शुल्क देना शुरू नहीं किया है, जबकि अस्थाई दुकानदार नियमित रूप से शुल्क दे रहे हैं.(नीचे भी पढ़ें)
उधर सूचना के अनुसार बाजार के लगभग सभी स्थायी दुकानदारों की लीज अवधि वर्ष 2019 में ही खत्म हो चुकी है. एजेंसी ने उन्हें लीज नवीकरण से संबंधित सूचना भी दे दी है. किन्तु स्थायी दुकानदार लीज नवीकरण नहीं कराकर टैक्स के विरोध की राजनीति में लगे हुए हैं. हालांकि नुगम प्रशासन ने इसके खिलाफ सख्ती बरतनी शुरू कर दि है. इतना ही नहीं अंचल कार्यालय भी इस मामले को लेकर गंभीर होता दिख रहा है. स्थायी दुकानदारों ने यदि समय रहते लीज नवीकरण नहीं कराया तो उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. निगम क्षेत्र के अधीन पड़ने वाले गम्हरिया बाजार में निगम की ओर से नियमित साफ-सफाई कराई जा रही है एवं टैंकर से जलापूर्ति भी की जा रही है. शौचालय के जीर्णोद्धार का काम भी युद्धस्तर पर जारी है. बावजूद इसके स्थायी दुकानदार शुल्क देना नहीं चाह रहे हैं.




