अनिल कुमार/बोकारो : लगता है बोकारो पुलिस की रात्रि गश्त से चोर डर गए हैं. इससे चोरों ने अब रात में चोरियां करना बंद कर दिन में ही दो घरों पर हाथ साफ कर पुलिस को खुलेआम चुनौती देना शुरू कर दिया है. चास थाना क्षेत्र के दो घरों से चोरों ने दिन दहाड़े 16 लाख की चोरी कर पुलिस की सक्रियता पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि बोकारो के चास थाना क्षेत्र अंतर्गत गोल्डन अपार्टमेंट में आज दोपहर दो घरों में 16 लाख की चोरी हुई है. मकान नंबर 206 निवासी मीता बजाज ने बताया कि सुबह में पति अपने काम पर चले गए और वे लोग भी अपने परिजनों के यहां पार्टी में चले गये. पति जब काम से लौटे तो घर ताला टूटा हुआ था. घर के सारे सामान बिखरे और गोदरेज का लॉक भी टूटा हुआ था. इसके बाद उन्होंने फोन पर घर में चोरी की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि चोर सोने की दो अंगूठियों के साथ ही 30 हजार नगद की चोरी होने की बात बताई. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं 205 नंबर फ्लैट की पीड़िता ने बताया कि उन्होंने एक माह पूर्व ही अपने बेटे की शादी की थी. बेटा अमेरिका में रहता है. घटना के समय वे लोग भी पार्टी में गये थे. वहीं उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनके घर में चोरी हो गई है. वे आनन-फानन में घर लौटीं तो पाया कि मेन गेट का दरवाजा टूटा हुआ है और घर के सभी लॉकर टूटे पड़े हैं. उन्होंने बताया कि उनके घर से 10 लाख रुपये के सोने के जेवरात के साथ 5 लाख रुपये नगद की भी चोरी हुई है. उधर सूचना मिलने पर वहां पहुंची पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है.



