जमशेदपुर : जमशेदपुर के रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा साकची स्थित रेड क्रॉस भवन में उच्चस्तरीय सुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार नये नये संसाधनों एवं चिकित्सा सुविधाओं को जोड़ा जा रहा है. इस क्रम में सीके बिड़ला समूह हॉस्पिटल, जो कि कोलकाता के सीएमआरआई के नाम से प्रचलित है, के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा समुचित शुल्क पर जमशेदपुर शहर के नागरिकों को रेड क्रॉस क्लिनिक के माध्यम से उपलब्ध करायी जायेगी. प्राथमिक स्तर पर यह सुविधा क्लिनिक स्तर पर उपलब्ध रहेगी. रेड क्रॉस क्लिनिक के माध्यम से दी जाने वाली इस सुविधा के साथ ही जमशेदपुर शहर के वैसे विशेषज्ञ चिकित्सकों को भी इससे जोड़ा जायेगा जो न्यूनतम शुल्क पर विशेषज्ञता की सुविधा जरूरतमंद को देना चाहते हैं. हाल ही में रेड क्रॉस भवन में पेन (दर्द निवारक) क्लिनिक की सुविधा शुरू की गयी है, जो कि दर्द सम्बन्धी समस्याओं के निराकरण के विशेषज्ञ जाने माने एनेस्थेटिस्ट डॉ अशोक जाडोन की देखरेख में चलाया जाता है. रेड क्रॉस भवन में मार्च माह तक अल्ट्रा सोनोग्राफी की सुविधा भी उपलब्ध हो जायेगी. ज्ञातव्य हो कि रेड क्रॉस में न्यूरो से सम्बन्धित दो विशेषज्ञ चिकित्सक, दो नेत्र चिकित्सक, एक इएनटी, एक कार्डियोलॉजिस्ट, जनरल फिजिशियन, बच्चों के बच्चों के डॉक्टर, दो सर्वमान्य पैथलोजी सेन्टर, एक उच्च स्तरीय डायलसिस सेन्टर, रेड क्रॉस वैक्सीन सेन्टर तथा रेड क्रॉस मेडिकल संचालित है.











