गालूडीह : सौर ऊर्जा से संचालित ग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत बड़ाखुर्शी पंचायत के दारीसाई सबर बस्ती में लगा पंप खराब हो जाने के कारण कई महीनों से सबर बस्ती में जलापूर्ति ठप है. जलमीनार बेकार पड़े होने के कारण गर्मी की दस्तक मिलते ही गांव के सबर परिवारों के समक्ष जल संकट उत्पन्न हो गया है और फरवरी महीने में ही ग्रामीण दूर-दूर से पानी लाने को मजबूर हो गये हैं. (नीचे भी पढ़ें)
दारीसाई बस्ती के निवासियों ने बताया कि बस्ती में जलमीनार बेकार हो जाने के कारण उनके समक्ष पेय जल का संकट उत्पन्न हो गया है. स्थिति यह है कि दैनंदिन कार्यों के लिए भी उन्हें भटकना पड़ रहा है. गांव में लगी सोलर जलमीनार महीनों खराब पड़ी है, लेकिन उसकी मरम्मत की अब तक पहल नहीं हो पायी है. ग्रामीणों को सिर्फ आश्वासन ही मिल रहे हैं, उसकी मरम्मत नहीं हो रही है. घाटशिला स्थित पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारी भी मौन साधे हुए हैं. बता दें कि बस्ती के लोग पूरी तरह जंगल की लकड़ियों पर ही निर्भर हैं. बस्ती के सबर लकड़ी बेचकर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं.



