आदित्यपुर : गायत्री शिक्षा निकेतन एवं 111 सेव लाइफ अस्पताल के संस्थापक समाजसेवी स्व योगेंद्र प्रसाद यादव की स्मृति में सोमवार को न्यू कॉलोनी उत्क्रमित उच्च विद्यालय के पास पौधा रोपण किया गया. आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में आदित्यपुर विकास समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में स्व योगेंद्र यादव की धर्मपत्नी गायत्री देवी ने अशोक के पौधे लगाये. गायत्री देवी ने पौधा रोपण से पूर्व न्यू कॉलोनी उत्क्रमित उच्च विद्यालय के करीब सौ छात्र-छात्राओं को उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए सममानित भी किया. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर बोलते हुए गायत्री देवी ने कहा कि योगेंद्र यादव शिक्षित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का सपना संजोये सहरसा से जमशेदपुर आये थे. उन्होंने अपने अथक प्रयास और मजबूत इच्छाशक्ति के चलते शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में स्कूल और अस्पताल खोलकर कीर्तिमान स्थापित किया. उन्होंने कहा कि सर्व समाज के सहयोग से मेरे दोनों पुत्र सत्यप्रकाश सुधांशु और डॉक्टर ओपी आनंद सहित पूरा परिवार पिता के अधूरे कार्यों को पूरा करेंगे. उन्होंने अभिभावकों से बालिकाओं की शिक्षा पर और अधिक ध्यान देने की जरूरत पर बल दिया. पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि इसके अलावा शिक्षाविद स्व योगेंद्र प्रसाद यादव के स्मृति में 26 फरवरी को एनआइटी कॉलेज के निकट आसंगी मैदान में 25 फलदार किस्म के पौधे एवं 5 मार्च को आरआइटी थाना के निकट जागृति मैदान में 15 पौधे लगाये जायेंगे. कार्यक्रम में जगदीश नारायण चौबे, स्कूल की प्राचार्या संध्या प्रधान, पीके झा, संजय कुमार, बैजू यादव, कैलाश शाह, पूर्व पार्षद मनीराम महतो सहित सभी शिक्षक शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे.



