नयी दिल्ली : शादी विवाह के सीजन में दूल्हे का नोटों की माला पहनना आम बात है. खास कर उत्तर भारत में दूल्हे के नोटों की माला पहनने का अधिक चलन है. बरात में आगे नाचती भीड़ और उसके पीछे गले में नोटों की माला पहने दूल्हा, यह शादियों का वह दृश्य है जिसे देखने के लिए वधू पक्ष के लोग घरों की छतों पर चढ़ जाते हैं. लेकिन क्या आपको पता है कि नोटों की माला पहनना आपको संकट में डाल सकता है? जी हां, ऐसा करना आपके लिए आर्थिक रूप से तो नुकसान पहुंचा ही सकता है, नोटों की माला पहनना कानूनन भी गलत है. हाल के दिनों में कई स्थानों पर दूल्हे के गले से नोटों की माला झपट कर भागने की घटनाएं सुनने में आई हैं. ऐसे में अगर आपने 500 रुपये के सौ नोटों की माला भी पहनी हो तो सीधे 50 हजार रुपये की चपत लग सकती है. लेकिन सिर्फ यही नहीं, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के अनुसार नोटों की माला बनाना अवैध भी है. (नीचे भी पढ़ें)
बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट की धारा 35ए में स्पष्ट उल्लेख है कि करेंसी नोटों का इस्तेमाल सिर्फ लेन-देन के लिए किया जा सकता है. नोटों को स्टेपल करना, उसकी माला बनाना और नोटों का पंडाल में सजावट के लिए उपयोग करना माना गया है. रिजर्व बैंक ने इस बारे में क्लीन नोट पॉलिसी भी बनाई है. आरबीआइ आम जनता से समय-समय पर इस बारे में अपील भी करता रहता है कि माला बनाने के लिए नोटों का प्रयोग न करें क्योंकि ऐसा करने से नोट की उम्र घटती है. रिजर्व बैंक ने नोटों की माला पहनने और बनाने का निषेध तो किया है, पर इसमें दंड का कोई प्रावधान नहीं होने के कारण लोग ऐसा करते हैं और उन पर कोई कार्रवाई भी नहीं हो पाती. रिजर्व बैंक इसको लेकर लोगों से अपील करता रहता है. बैंक कर्मी अगर नोटों को स्टेपल करते हैं तो उन पर कार्रवाई होती है.











