गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिला के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत जसपुर पंचायत के राजगांव में छाइ से फैल रहे प्रदूषण से ग्रामीण त्रस्त है. इसको लेकर सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा गम्हरिया प्रखंड कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल अंचल कार्यालय पहुंचा. जहां उन्होंने अंचलाधिकारी के नाम एक मांगपत्र सौंपते हुए राजगांव मौजा के हल्का नंबर 3, खाता नंबर 29, प्लॉट नंबर 834 के रैयती तालाब में अवैध तरीके से डंप हो रहे छाई पर रोक लगाने की मांग की. उन्होंने बताया कि इस तालाब के पानी से आसपास के खेतों में सिंचाई की जाती है. साथ ही गांव के ग्रामीण भी इसी तालाब में सामाजिक कार्य नहाने एवं जानवर भी इसी तालाब का पानी पीते हैं. तालाब को छाई से भरकर भू- माफियाओं द्वारा खरीद बिक्री की जा रही है. तलाब भरने के लिए हाई डस्ट का प्रयोग किया जा रहा है जो क्षेत्र के लिए जटिल समस्या बन गई है. इससे आसपास की खेतहर जमीन बंजर बनती जा रही है, और फसलें बर्बाद हो रही है. भू- माफियाओं को प्रशासन का भी भय नहीं है. प्रतिनिधिमंडल ने अविलंब इसपर रोक लगाने की मांग की है.











