आदित्यपुर : चांडिल डैम परियोजना से आंशिक और पूर्ण रूप से विस्थापित हुए लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर अब वे आमरण अनशन पर बैठ गए हैं. फिलहाल तो सिर्फ मनोहर महतो आमरण अनशन पर बैठे हैं, किन्तु उनकी मांगें ऐसे ही अनदेखा की जाती रहीं तो बाकी विस्थापित भी आमरण अनशन पर बैठने को मजबूर होंगे. (नीचे भी पढ़ें)
स्वर्णरेखा परियोजना के विस्थापितों ने आमरण अनशन पर बैठने के साथ ही बुधवार को आदित्यपुर स्वर्णरेखा भवन के अपर निदेशक से मुलाकात कर उन्हें अपनी मांगों से अवगत कराया. अनशनकारियों ने बताया कि वे अपनी मांगों को लेकर 17 सालों से आंदोलन कर रहे हैं. संबंधित अधिकारियों को भी वे ज्ञापन सौंप रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है. उधर स्वर्णरेखा डैम चांडिल परियोजना से आंशिक और पूर्ण रूप से विस्थापित हुए लोगों ने एक-एक कर आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी अपर निदेशक को दी है. इसमें पवन सिंह मुंडा, मदन लाल महतो, ओमजी कुमार महतो, फूलचंद महतो आदि ने अपना हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन अपर निदेशक को सौंपा है.











