खरसावां : खरसावां के सुदूरवर्ती विटापुर पंचायत भवन में बुधवार को निर्मला स्वास्थ्य केंद्र आमदा के सौजन्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खरसावां व हंस फाउडेशन के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित हुआ. शिविर में क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे 65 मरीजों का इलाज किया गया एवं मरीजों को दवाइयां भी दी गयीं. शिविर में उपायुक्त अरवा राजकमल ने मरीजों एवं चिकित्सकों से मुलाकात कर स्वास्थ सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी देने के साथ ही उन्हें कई दिशा-निर्देश भी दिये. (नीचे भी पढ़ें)
मौके पर उपायुक्त श्री राजकमल ने कहा कि सुदूरवर्ती पहाड़ी क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है. उन्होंने कहा कि खरसावां सीएचसी दूर होने के कारण ऐसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य कैंप नहीं लगते और लोगों में चिकित्सा को लेकर हमेशा समस्या बनी रहती है. लोगों को अस्पताल ले जाने में भी भारी दिक्कत होती है. उन्होंने इस बात की खुशी जतायी कि शिविर में मलेरिया का एक भी मरीज नहीं मिला. उपायुक्त ने कहा कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों में मई माह के अंत तक और भी स्वास्थ्य शिविर लगाये जाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)
मुखिया ने डीसी के समक्ष रखी सड़क की समस्या
खरसावां की विटापुर पंचायत के मुखिया इन्द्रजीत उरावं ने इस दौरान उपायुक्त अरवा राजकमल के समक्ष पंचायत की जर्जर सड़क, नेटवर्क की परेशानी एवं पंचायत भवन के निर्माण की समस्याओं को रखा एवं सोना नदी स्थित रायडीह पुलिया से विटापुर पंचायत भवन तक सडक निर्माण कराने के साथ ही पंचायत क्षेत्र में मोबाइल टावर लगवाने एवं विटापुर पंचायत भवन का निर्माण कराने की भी मांग की. इस दौरान मुख्य रूप से जिले के उपायुक्त अरवा राजकमल, जिला सिविल सर्जन, परियोजना निदेशक आरटीडीए संदीप कुमार दोराइबुरू, बीडीओ गौतम कुमार, चिकित्सा प्रभारी डा० कन्हैयालाल उरांव, डॉ खिरोद प्रसाद ओझा, आयुष चिकित्सक डॉ जया कुमारी, मुखिया इन्द्रजीत उरांव, सिस्टर ग्लोरिया, सिस्टर मैक्सिमा, प्रेमा, सीएचओ सुमन सोय, सीएचओ मरियम बारा, एएनएम रीमा हांसदा, एएनएम सरिता लकड़ा, एमपीडब्लू रमेश गोप, अनिल कुमार चौधरी, विकास सिंहदेव आदि उपस्थित थे.



