जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह मेडिकल बस्ती में रविवार शाम फुटबॉल मैच के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद का अंत आपसी समझौते के साथ हो गया. मैच के दौरान शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया. (नीचे देखे पूरी खबर)

इसके बाद रात करीब 10 बजे दोनों पक्षों के लोग थाना पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे. थाने में कुछ समय तक दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप करते हुए बातचीत के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया. पुलिस की पहल पर दोनों पक्ष आपसी सहमति से समझौते पर राजी हो गए. पुलिस के अनुसार, किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है. दोनों पक्षों ने आपसी सुलह के साथ विवाद समाप्त कर दिया, जिसके बाद सभी लोग शांतिपूर्वक अपने-अपने घर लौट गए.





