रामगोपाल जेना/चाईबासा:भाजपा जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष सतीश पुरी की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों तथा प्रमुख नेताओं की बैठक हुई.कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी उपस्थित थे. बैठक में ‘ हेमन्त हटाओ- झारखंड बचाओ ‘ आन्दोलन के तहत 11 अप्रैल को रांची स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय के घेराव कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की भागीदारी के संबंध में चर्चा हुई. साथ ही जिले से बड़ी संख्या में रांची चलने की रूपरेखा तैयार की गयी. बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि 11 अप्रैल को भाजपा रांची स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय का घेराव करेगी.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि 3 वर्षों से रोजगार के नाम पर युवाओं को ठगने, बालू, पत्थर तथा प्राकृतिक संसाधनों की धड़ल्ले से लूट खसोट, महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, अल्पसंख्यक तुस्टिकरण तथा भ्रष्टाचार एवं हेमन्त सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मुख्यमंत्री सचिवालय के समक्ष 1 लाख से अधिक लोगों का आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन तथा घेराव होगा. इस आन्दोलन में भाग लेने राज्य के सभी पंचायतों तथा 32 हजार गांवों से कार्यकर्ता रांची पहुंचेंगे. डॉ गोस्वामी ने कहा कि विगत 3 वर्षों के दौरान हेमंत सरकार ने झारखंड को भ्रष्टाचार के दलदल में ढकेल दिया है. बालू तथा पत्थरों की अवैध तस्करी हो रही है. मुख्यमंत्री के नजदीकी लोगों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप हैं तथा मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में हैं. सरकार के अल्पसंख्यक तुष्टीकरण के रवैये से लोगों में असंतोष व्याप्त है.(नीचे भी पढ़े)
डॉ गोस्वामी ने कहा कि 5 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा कर सत्ता में आई हेमन्त सरकार ने राज्य के युवाओं को ठगा है. विगत 3 वर्षों से नियोजन नीति की अस्पष्टता के कारण राज्य में नियुक्तियां हो नहीं सकी. इस सरकार के कार्यकाल में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है. राज्य में विकास कार्य पूरी तरह ठप्प है. हेमंत सरकार चौतरफा बिफल साबित हुई है. इस भ्रष्ट एवं निकम्मी गठबंधन सरकार से जनता निजात पाना चाहती है. डॉ गोस्वामी ने कहा कि 11 अप्रैल का मुख्यमंत्री सचिवालय घेराव ऐतिहासिक होगा. (नीचे भी पढ़े)
बैठक को वरीय नेता जेबी तुबिद, पूर्व विधायक बड़कुंवर गागराई, गुरुचरण नायक, शशि सामड, मालती गिलुवा तथा गीता बलमुचू ने संबोधित किया. 8 अप्रैल को सभी मंडलों की बैठक निर्धारित की गई. बैठक में मुख्य रूप से जगदीश पाट पिंगुवा, ललित गिलुवा, प्रताप कटियार, मनोज लियांगी, दिनेश नंदी, खेमकरण सवैंया, अमरेश प्रधान, निरेश देवगम उपस्थित थे.













