रामगोपाल जेना /चक्रधरपुर : चक्रधरपुर स्थित मां अमिया देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया. समारोह में चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव बतौर मुख्य अतिथि जबकि नागेश्वर प्रधान एवं केशव मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए. सुखराम उरांव ने मां अमिया देवी एवं पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय जगरनाथ महतो को श्रद्धांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुभारम्भ की.

समारोह में झारखंड की शिक्षा व्यवस्था की बेहतरी के लिए काम करनेवाले पूर्व शिक्षा मंत्री स्व जगरनाथ महतो की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. इसके बाद बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक गीत संगीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये. कार्यक्रम में विधायक सुखराम उरांव व अन्य अतिथियों ने स्कूल के मेधावी व विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार भी प्रदान किये.

सुखराम उरांव ने स्कूल की प्रशंसा करते हुए कहा कि मां अमिया देवी मेमोरियल स्कूल शहर का एकमात्र ऐसा निजी अंग्रेजी स्कूल है जिसकी फीस बाकी स्कूलों की तुलना में बहुत कम है. यही नहीं, इसके बाद भी इस स्कूल में बच्चों को आधुनिक पद्धति से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाती है, जिससे गरीब बच्चे भी बेहतर शिक्षा ले पाते हैं. इसके लिए स्कूल के निदेशक प्रवीर प्रमाणिक एवं माधुरी प्रमाणिक बधाई के पात्र हैं.

विधायक ने स्कूल की निःस्वार्थ जनसेवा की परंपरा को देखते हुए स्कूल को हर संभव मदद का आश्वासन दिया. यही नहीं, उन्होंने बच्चों को बेहतर पठन-पाठन के साथ देशसेवा में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित भी किया. उन्होंने कहा कि वे बहुत जल्द एक डिजिटल कॉलेज की स्थापना करायेंगे जिसमें चक्रधरपुर एवं आसपास के विद्यार्थियों को बेहतर उच्च शिक्षा की व्यवस्था होगी. कार्यक्रम में हिमांशु प्रधान, प्रो मोहम्मद नजरुल, श्रीकांत मजुमदार, प्राचार्या माधुरी प्रमाणिक, प्रवीर प्रमाणिक, काजल अग्रवाल आदि मौजूद रहे.











