गालूडीह : गालूडीह की उलदा पंचायत के पुतरू गांव में स्थापित 20 हजार लीटर क्षमता वाली जलमीनार अब शोभा की वस्तु बनकर रह गई है. इसकी स्थापना के समय ग्रामीणों का जल संकट हमेशा के लिए खत्म हो जाने के दिखाये गये सपने काफूर हो गये हैं और ग्रामीण एकबार फिर पानी के लिए पानी-पानी होने को मजबूर हो गये हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि पुतरू गांव में जब जलमीनार का निर्माण हुआ था, उस समय गांव के लोगों को जल संकट से मुक्ति का भरोसा दिलाया गया था. गांव के हर घर में जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन भी बिछाई गयी थी. ग्रामीणों को भी लगा था कि अब उनकी पानी की समस्या हमेशा के लिए दूर हो जायेगी, किन्तु जलमीनार बनने के कुछ दिन बाद ही उससे जलापूर्ति ठप हो गयी. (नीचे भी पढ़ें)
जलमीनार के निर्माण का काम पूरा होने के कुछ दिन बाद ही पाइपलाइन में लीकेज, नलों में खराबी और मोटर पंप की खराबी के कारण जलापूर्ति ठप होने लगी. और अब तो बीते कई महीनों से जलमीनार से जलापूर्ति ठप है. पंचायत प्रशासन या संबंधित विभाग इसकी सुधि नहीं ले रहा है, जिससे ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भी काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है. (नीचे भी पढ़ें)
पुतरू गांव के लगभग 129 परिवारों को उसी जलमीनार से जलापूर्ति होती थी. बता दें कि नीर निर्मल परियोजना, ग्रामीण जलापूर्ति एवं स्वच्छता परियोजना के तहत निर्मित जलमीनार ठप हो जाने से गांव में जल संकट उत्पन्न हो गया है. ग्रामीणों ने बताया कि गांव में फिलहाल सोलर जलमीनार ही पेयजल का एकमात्र साधन बचा था, लेकिन उसके खराब हो जाने से उन्हें पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है.











