जमशेदपुर : राज्य की हेमंत सरकार के खिलाफ राजधानी रांची में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान नेता-कार्यकर्ताओं पर पुलिसिया बर्बरता के खिलाफ भाजपा ने बुधवार को राज्य भर में मंडल, प्रखंड एवं जिला मुख्यालयों पर पुतला दहन कर काला दिवस मनाया. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए रांची की घटना को आपातकाल की याद दिलानेवाला बताया. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर 11 अप्रैल को हेमंत सरकार के विरोध में पार्टी द्वारा प्रोजेक्ट भवन पर प्रदर्शन आहूत किया गया था. किन्तु वहां पुलिस ने वहां प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया एवं आंसू गैस के गोले फेंके. दीपक प्रकाश ने साकची पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसे आपातकाल की याद दिलानेवाली बर्बरता बताया. उन्होंने कहा कि इसी के खिलाफ पार्टी ने आज पूरे राज्य में सीएम का पुतला दहन कर काला दिवस मनाया.(नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी से मित्रता में हेमंत सरकार को आपातकाल जैसी बर्बरता की सीख मिली है. उन्होंने राज्य के नौकरशाहों पर सरकार के दबाव में भाजपा कार्यकर्ताओं पर बर्बरता करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासनिक दबाव के कारण ही आज उन्हें घाघीडीह जेल में बंद पार्टी नेता अभय सिंह से भी मिलने नहीं दिया गया और उन्हें बिना मिले लौटना पड़ा.(नीचे भी पढ़ें)
दीपक प्रकाश ने कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है. उन्होंने शास्त्रीनगर मामले में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बेकसूर जेल भेजे जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है. उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों पर सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया. प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ सांसद विद्युत वरण महतो एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी भी मौजूद थे.











