रांची : राजधानी रांची से गिरिडीह के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस का परिचालन मंगलवार से शुरू होगा. यह राज्य में विस्टाडोम वाली पहली ट्रेन होगी, जिसका परिचालन प्रतिदिन किया जाएगा. केंद्रीय राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि रांची-गिरिडीह इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के परिचालन की डिमांड थी, जो अब पूरी होगी. रांची व गिरिडीह वालों के लिए आना-जाना बेहद आसान हो जाएगा व सस्ती दर पर सफर भी सुगम होगा. गिरिडीह से रांची सफर करने में नौ घंटे का समय लगेगा. ट्रेन टाटीसिलवे, बरकाकाना व कोडरमा होते हुए गिरिडीह जाएगी. इसके साथ ही यह ट्रेन मेसरा, हजारीबाग और धनबाद स्टेशनों पर भी रुकेगी.
राज्य की इस पहली विस्टाडोम कोच वाली ट्रेन में कुल 14 कोच होंगे.(नीचे भी पढ़े)
इनमें से एक विस्टाडोम कोच भी होगा. झारखंड का पहला विस्टाडोम कोच होगा, जिसमें कांच की बड़ी-बड़ी खिड़कियां होंगी, साथ ही उसकी छत भी पारदर्शी होगी. इससे यात्री ट्रेन के अंदर से मनोरम वादियों को देख सकेंगे. विस्टाडोम कोच में यात्रियों के लिए कुल 44 सीटें होंगी. इसमें 360 डिग्री सीट और जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली समेत अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं लगी होंगी. यह ट्रेन सुबह 6:10 बजे रांची से खुलेगी और दोपहर 1:10 बजे गिरिडीह पहुंचेगी. वहीं गिरिडीह से दोपहर दो बजे खुल कर यह ट्रेन रात 9:30 में रांची वापस पहुंचेगी. ट्रेन प्रति दिन एक ही फेरा लगाएगी.












