गालूडीह: गालूडीह थाना क्षेत्र में स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, धातकीडीह विद्यालय अध्ययनरत बच्चों के साथ साथ समुदाय में सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए लगातार बेहतर कार्य कर रहा है. विद्यालय में पिछले चार वर्षों से भी ज्यादा समय से लगातार चलाए जा रहे माहवारी स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का असर यह है की अब विद्यालय के पैडबैंक का संचालन बाल संसद के बच्चे मिलकर बखूबी कर रहे है. इसमें छात्राओं के साथ साथ छात्र भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है. माहवारी स्वच्छता के साथ साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु संचालित “एक पैड, एक पेड़” अभियान का असर भी विद्यालय की आबोहवा में दिख पड़ता है.(नीचे भी पढ़े)

सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन देगी गांव की सभी किशोरियों व महिलाओं को रियूजेबल सैनिटरी पैड का तोहफा
धातकीडीह गांव के ज्यादातर बच्चे सुविधावंचित गरीब परिवारों से आते है, परिवार के बच्चियों व महिलाओ के लिए प्रत्येक महीने महीने सैनिटरी पैड खरीद पाना संभव नहीं हो पाता है. विद्यालय के प्रधानाध्यापक साजिद अहमद ने इस समस्या का अनोखा समाधान निकाला है. अब सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन एवं प्रोजेक्ट बाला के साथ मिलकर गांव की सभी किशोरियों व महिलाओं को रियूजेबल सैनिटरी पैड का तोहफा दिया जायेगा. रियूजेबल सैनिटरी पैड जो पर्यावरण अनुकूल है, महिलाए इसका इस्तेमाल हर महीने कर सकेंगी, इससे उन्हें हर महीने सैनिटरी पैड पर खर्च करने के झंझट से भी मुक्ति मिल जाएगी। शनिवार को विद्यालय उत्क्रमित मध्य विद्यालय धातिकीडीह परिसर में आयोजित मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला के दौरान बच्चियों को संबोधित करते हुए महुलिया पंचायत की पंचायत समिति सदस्य शीला गोप एवं मुखिया नेहा सिंह ने बताया की “माहवारी स्वास्थ्य के प्रति ग्रामीण इलाको में जागरूकता बेहद महत्वपूर्ण है, गरीबी से जूझ रही गांव की कई महिलाए आज भी मजबूरन कपड़ो का ही इस्तेमाल कर रही है, उन महिलाओं के लिए निश्चय फाउंडेशन एवं प्रोजेक्ट बाला के माध्यम से मिलने वाला रियूजेबल सैनिटरी पैड उनकी मुश्किलों को आसान बनाएगा.(नीचे भी पढ़े)
इसके लिए विद्यालय परिवार व निश्चय का कार्य बेहद सराहनीय है.” मौके पर झारखंड के पैडमेन के नाम से प्रसिद्ध निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार ने माहवारी स्वच्छता अभियान के माध्यम से माहवारी स्वच्छता, किशोरी महिला स्वास्थ्य, बालक बालिका समानता व पर्यावरण से जुड़े पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की. बताया की धातिकीडीह विद्यालय प्रबंधन व बच्चों की सक्रियता व सामाजिक सरोकार से समुदाय की जागरूकता समूचे जिले के लिए एक मिशाल है. कार्यक्रम के दौरान 50 से ज्यादा किशोरी व महिलाओं को प्रोजेक्ट बाला रियूजेबल पैड का उपहार दिया गया. वही विद्यालय के माध्यम से गांव की सभी महिलाओं और बच्चियों तक पैड पहुंचाकर गांव को मासिक धर्म के प्रति शर्म झिझक को समाप्त करने के साथ साथ पर्यावरण अनुकूल माहवारी अपनाने को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जायेगा. मौके पर प्रधानाध्यापक साजिद अहमद, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष सोनामनी मुर्मू, स्वास्थ्य सहिया गुरुवारी हांसदा, शिक्षिका सींगो सोरेन, निखिल रंजन, बापी पाल, अमरजीत मांझी समेत अन्य कई लोग उपस्थित थे.



