रामगोपाल जेना/चाईबासा : झामुमो ने संसदीय चुनाव के लिए सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र पर अपनी दावेदारी पेश कर दी है. सिंहभूम लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में झामुमो सबसे मजबूत है और विगत दो कार्यकाल से लगातार सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र अन्तर्गत छह विधानसभा क्षेत्रों पर झामुमो का ही कब्जा है. ऐसे में इस लोकसभा क्षेत्र में झामुमो की स्वाभाविक दावेदारी बनती है. अतः 2024 में सिंहभूम लोकसभा सीट पर हर हाल में झामुमो ही चुनाव लड़ेगा. (नीचे भी पढ़ें)

बुधवार को जिला अध्यक्ष सह विधायक सुखराम उरांव की अध्यक्षता में सम्पन्न पश्चिमी सिंहभूम झामुमो जिला समिति की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर यह निर्णय लेने के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया गया. चाईबासा के डोबरोसाई स्थित सनशाइन रेस्टोरेंट के सभागार में आयोजित बैठक में विधायक दीपक बिरुआ, निरल पुर्ती, झारखंड आंदोलनकारी चिह्नितीकरण आयोग के सदस्य भुवनेश्वर महतो, जिला सचिव सोनाराम देवगम समेत जिला समिति के सभी पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, केन्द्रीय सदस्य तथा जिला अन्तर्गत सभी प्रखंड/नगर अध्यक्ष व सचिव उपस्थित थे.(नीचे भी पढ़ें)
जिला समिति द्वारा बहुत जल्द पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व को जिले में आम कार्यकर्ताओं की भावना से अवगत कराते हुए उक्त प्रस्ताव की लिखित जानकारी दी जाएगी. बैठक में कोल्हान सहित राज्य के अन्य विश्वविद्यालयों में क्षेत्रीय भाषाओं की पढ़ाई के लिए उनके शिक्षकों के पद सृजित करने की मांग की गयी. इसके अलावा बैठक में और भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनमें पूरे जिले में पार्टी का सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक सदस्य नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है. इसके अलावा क्षेत्र की जन समस्याओं के समाधान के लिए जिला से लेकर पंचायत स्तर पर कार्यक्रम तय करेगा. इसी के तहत आगामी 19 मई को बिजली बिल माफी की मांग को लेकर विधायकों के नेतृत्व में जिले का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से भेंट करेगा.(नीचे भी पढ़ें)
बैठक में संगठनात्मक विस्तार पर भी चर्चा हुई, जिसमें आगामी 04 जून को जिला कोर कमेटी की बैठक में पार्टी के सभी वर्ग संगठनों का गठन का निर्णय भी लिया गया. बैठक में जिला अध्यक्ष सह विधायक सुखराम उरांव, दीपक बिरुआ, निरल पुर्ती, भुवनेश्वर महतो, जिला सचिव सोनाराम देवगम, उपाध्यक्ष इकबाल अहमद, राहुल आदित्य, दीपक कुमार प्रधान, प्रेम गुप्ता, विकास गुप्ता, संगठन सचिव रंजीत कुमार यादव, चम्बरू जामुदा, मानाराम कुदादा, संयुक्त सचिव इजहार करीम राही, सुनील कुमार सिरका, अजय कच्छप, डोमा मिंज सहित अनेक लोग उपस्थित रहे.














