रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में भाकपा माओवादी नक्सलियों के विरुद्ध सुरक्षा बलों के चल रहे संयुक्त अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने कुल छह आइईडी विस्फोटक सहित अन्य शस्त्रास्त्र बरामद कर नष्ट कर दिये. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि जिले के सघन जंगलों में सक्रिय मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछू, चमन, कांडे, अजय महतो, सागेन अंगरिया जैसे शीर्ष माओवादी नक्सलियों के खिलाफ अभी जिला पुलिस के साथ अन्य सुरक्षा बलों द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है. इसमें जिला पुलिस के साथ कोबरा, झारखंड जगुआर व सीआरपीएफ की संयुक्त टीमें शामिल हैं.(नीचे भी पढ़ें)

इसी क्रम में विगत 27 मई से टोंटो थानांतर्गत तुंबाहाका एवं अंजदबेड़ा के सीमावर्ती एवं गोइलकेरा थाना क्षेत्र के कुइड़ा एवं मारादिरि के सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की ओर से चलाये जा रहे संयुक्त अभियान के तहत शनिवार 3 जून को टोंटो थानांतर्गत पटातारोब से तुंबाहाका जानेवाले मार्ग के आसपास जंगली / पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को लक्षित कर लगाये गये 06 आइईडी के साथ ही रास्ते में गड्ढा कर छुपाये गये लोहे के रॉड एवं तीर बरामद किये गये. (नीचे भी पढ़ें)

इनमें 6 किलो के चार आइईडी एवं 5 किलो के 2 आइईडी विस्फोटक शामिल थे. सुरक्षा बलों ने बरामद सारे आइईडी को सुरक्षा की दृष्टि से वहां नष्ट कर दिया. सुरक्षा बलों का नक्सलियों के विरुद्ध अभियान आगे जारी है.(नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि जिले में नक्सलियों के विरुद्ध सुरक्षा बलों के वर्तमान अभियान के तहत जिले में अब तक नक्सलियों द्वारा लगाये गये कुल 165 आइईडी बरामद कर नष्ट किये जा चुके हैं.











