
जमशेदपुर : जमशेदपुर जिले में अवैध बालू खनन, परिवहन एवं भंडारण को लेकर जिला प्रशासन द्वारा मंगलवार की देर शाम की गई बड़ी कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया. इस कार्रवाई में करीब 38 हजार सीएफटी बालू का अवैध भंडारण पकड़ा गया है. घाटशिला के अनुमंडलाधिकारी सत्यवीर रजक के नेतृत्व में की गई कार्रवाई करीब 4 घंटे चली जिसमें धालभूमगढ़ प्रखंड में 6 स्थान एवं गुड़ाबांदा में 1 स्थान से बालू का अवैध भंडारण का खेप पकड़ा गया. टीम में सीओ धालभूमगढ़ सदानंद महतो, सीओ-सह- बीडीओ गुड़ाबांदा स्मिता नगेसिया, कार्यपालक दण्डाधिकारी केशव भारती, अवर निरीक्षक अभिनय कुनार, गुड़ाबांदा थाना प्रभारी तथा अंचल कर्मी शामिल थे. बालू के अवैध खनन व भंडारण में संलिप्त दो अभियुक्त बब्लू साव एवं टुनटुन पंडित पर धालभूमगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. (नीचे भी पढ़ें)
धालभूमगढ़ से 34 हजार सीएफटीी तथा गुड़ाबांदा से लगभग 4 हजार सीएफटी बालू जब्त
धालभूमगढ़ में 6 स्थानों पर अनुमंडलाधिकारी घाटशिला के नेतृत्व में रेड डाला गया जिसमें मोहलीशोल में 2 स्थान, कोकपाड़ा में 3 तथा बिंदा का 1 स्थान शामिल है. वहीं गुड़ाबांदा के 1 स्थान नेकड़ाशोली, धीबर टोला फॉरेस्ट ब्लॉक में कार्रवाई की गई. अनुमंडलाधिकारी ने कहा कि आगे भी बालू माफियाओं के विरूद्ध सघन जांच अभियान चलाते हुए कमरतोड़ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी .
अवैध खनन, परिवहन व खनिजों का भंडारण कानून जुर्म, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा : उपायुक्त
जमशेदपुर की उपायुक्त विजया जाधव ने बालू माफियाओं के विरूद्ध इस कार्रवाई में शामिल एसडीओ घाटशिला तथा अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों की टीम को बधाई देते हुए कहा कि जिले में खनिजों का अवैध रूप से परिवहन, खनन एवं भंडारण को लेकर जिला प्रशासन की सख्ती जारी रहेगी. उन्होने बालू माफियाओं को आगाह करते हुए कहा कि अवैध कार्यों से बिल्कुल अलग हो जाएं नहीं तो पकड़ें जाने पर कठोरतम विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.











