रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय स्थित मांगीलाल रुंगटा प्लस 2 हाई स्कूल में सोमवार को स्कूल रुआर-2023 (बैक टु स्कूल कैंपेन) के तहत एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला आय़ोजित हुई. 16 जून से 15 जुलाई तक चलनेवाले स्कूल रुआर अभियान के तहत जिला शिक्षा कार्यालय की ओर से आयोजित कार्यशाला की अध्यक्षता चाईबासा विधायक दीपक बिरुआ ने की, जबकि उपायुक्त अनन्य मित्तल भी इसमें उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)
स्कूल रुआर 2023 अभियान का मुख्य उद्देश्य 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को विद्यालय से जोड़ना एवं बच्चों का विद्यालयों में ठहराव सुनिश्चित करते हुए जिले में ड्रॉप आउट के मामलों को शून्य करना है. कार्यशाला को संबोधित करते हुए विधायक दीपक बिरुआ ने बैक टु स्कूल कैंपेन की शुरुआत की. उन्होंने इसके लिए जिला प्रशासन सहित शिक्षा परियोजना के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के लिए संचालित अभियान को सफल बनाने में हम सभी का महत्वपूर्ण योगदान रहना चाहिए, तभी जिले के सभी बच्चों को शिक्षा प्रदान करने की मुहिम को सफलता मिलेगी और जिले में ड्रॉपआउट के मामले भी शून्य किये जा सकेंगे. इसके लिए विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षक, पंचायत प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों व शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों- कर्मियों को समन्वय बना कर बेहतर कार्य करना होगा.(नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा संचालित स्कूल रुआर अभियान के तहत जिले में इस वर्ष के लिए चिह्नित सभी 1122 ड्रॉप आउट 1122 बच्चों को विद्यालयों से पुनः जोड़ते हुए उनका वहां ठहराव सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे के स्कूल से ड्रॉपआउट करने के कई कारण हो सकते हैं. हमें प्रयास करना चाहिए कि इन कारणों का सामाजिक सहभागिता से निदान कर बच्चों को स्कूल से जोड़े रखने में अपनी भूमिका निभायें. उन्होंने इस दिशा में एस्पायर संस्था द्वारा किये गये कार्यों का उल्लेख करते हुए उपस्थित सभी सामाजिक संस्थाओं से अभियान को सफल बनाने की अपील की.(नीचे भी पढ़ें)
कार्यशाला में शिक्षा परियोजना कर्मियों द्वारा बैक टु स्कूल कैंपेन 2023 से जुड़े विभिन्न क्रियाकलापों के साथ किये जानेवाले अलग-अलग कार्यों से उपस्थित लोगों को अवगत कराते हुए माह व्यापी अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला उपरांत प्रखंड, पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाली गतिविधियों की प्रस्तुति दी गयी. कार्यशाला में जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील, सभी क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, बीआरपी/सीआरपी, शिक्षा परियोजना के कर्मी एवं गैर सरकारी संगठनों व सामाजिक संस्था के प्रतिनिधियों सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे.











