सरायकेला/जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के 7वें फेज के प्लॉट नंबर 0407, 0411 के प्लांट में प्रवर्तन निदेशालय यानी इनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (इडी) ने छापामारी की है. यह प्लांट ईंचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह के भाई नवीन सिंह की कंपनी है. यह आरोप है कि उक्त प्लांट न्यू निर्माण बिल्डर्स एंड डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की एनएनबी कांक्रीटो कंपनी में अवैध धन का निवेश किया गया है. यह भी आरोप लगाया गया है कि उक्त प्लांट में गलत तरीके से निवेश कराया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

यह आदित्यपुर थाना के आसंगी मौजा में अवस्थित है, जो 0.19 एकड़ में फैला हुआ है. बताया जाता है कि उक्त कंपनी में काले धन के निवेश की पुख्ता जानकारी होने के बाद प्रीवेंशन ऑफ मनी लांड्रिंग एक्ट रांची 2002 के तहत यह जमीन को सीज किया गया है. 15 सितंबर 2022 को प्रीवेंशन ऑफ मनी लांड्रिंग कोर्ट के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गयी है. हालांकि, अब तक अधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गयी है. इस मामले में कंपनी के प्रोमोटर या प्रोपराइटर की ओर से कोई अधिकारिक जानकारी नहीं साझा की गयी है.











