जमशेदपुर : जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में मंगलवार को सप्ताह व्यापी ध्यान योग फैकल्टी डेवलेपमेन्ट कार्यक्रम संपन्न हो गया. इसमें कोल्हान विश्वविद्यालय के कुल सचिव प्रो जयन्त शेखर मुख्य अतिथि थे. समापन समारोह की शुरुआत में प्राचार्य डॉ अमर सिंह ने मुख्य अतिथि का शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिह्न एवं पौधा प्रदान कर स्वागत किया. (नीचे भी पढ़ें)

अपने स्वागत भाषण में डॉ सिंह ने कहा कि ऐसा बड़ा कार्यक्रम विश्वविद्यालय, मानव संसाधन विभाग एवं सभी शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारियों के सहयोग से ही सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है. उन्होंने कहा कि इसमें उनका एकमात्र उद्देश्य कॉलेज को बेहतर ऊंचाई तक ले जाना है ताकि कॉलेज पुनः अपना पुराना गौरव प्राप्त कर सके. उन्होंने इसमें सभी लोगों से सहयोग की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में मंच पर प्राचार्य डॉ अमर सिंह, अजय कुमार सिंह, आचार्य विवेक सरस्वती, आचार्य ज्ञान अमृत, सीसीडीसी मनोज कुमार महापात्रा मुख्य रूप से उपस्थित थे. इस अवसर पर इस कार्यक्रम में शामिल 54 सदस्यों को कुलसचिव एवं अन्य अतिथियों ने सर्टिफिकेट प्रदान किये. कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कुलसचिव प्रो जयन्त शेखर ने कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की एवं कहा कि इससे अन्य विश्वविद्यालय भी लाभान्वित होंगे. उन्होंने कहा कि योग के बिना स्वस्थ मानव जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती. इससे जीवन में अत्यधिक कार्य या दायित्व के बोझ से मन अशांत हों तो योग उस विचलित मन को शान्ति प्रदान करता है, जिससे ऊर्जावान होकर व्यक्ति पहले से भी अधिक बेहतर तरीके से कार्य करता है. (नीचे भी पढ़ें)
इस कार्यक्रम में 54 आचार्य तैयार हुए हैं, जिनका दायित्व है कि वे इस योग से अन्य शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मियों व विद्यार्थियों को भी इससे अवगत करायें ताकि वे भी अपने जीवन में इसे उचित स्थान दें. कार्यक्रम में कॉलेज के अनेक प्राध्यापक व अन्य लोगों ने शिरकत की.











