बहरागोड़ा: बहरागोड़ा की बिजली आपूर्ति व्यवस्था में लगातार सुधार का प्रयास जारी है. विगत दिनों बिजली विभाग के महाप्रबंधक तथा कार्यपालक अभियंता के साथ बहरागोड़ा प्रखंड सभागार में बैठक कर बिजली आपूर्ति सुधार के तमाम संभावनाओं पर चर्चा की गई, परंतु आशानुरूप परिणाम न मिलने के कारण समस्याओं को लेकर मंगलवार को विधायक समीर महंती ने झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के निदेशक केके बर्मा और प्रबंध निदेशक अविनाश कुमार से रांची स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की. अनियमित बिजली आपूर्ति से उन्हें अवगत कराया और अविलंब व्यवस्था में सुधार करने का आग्रह किया. (नीचे भी पढ़े)
साथ ही वर्षो से बहरागोड़ा क्षेत्र में खेती कार्य के लिए तार बांस व लकड़ी के सहारे बिजली खेतों तक पहुंचाने की समस्या को भी उठाया. उन्होंने अधिकारियों को अवगत कराते हुए बताया कि आए दिन बांस व लकड़ी के पोल टूट कर गिर जाते है, तार टूट जाता है, फलस्वरूप बिजली आपूर्ति बाधित होने से खेती कार्य प्रभावित होता है, साथ ही उन्होंने पत्र के माध्यम से बताया कि बांस व लकड़ी के सहारे तार खींचे होने के कारण किसी भी दिन दुर्घटना घट सकती है. उक्त सभी पोल को हटा कर उनके स्थान पर सीमेंट पोल उपलब्ध कराने की मांग की. विधायक ने केके बर्मा से जल्द से जल्द सोलर पावर प्लांट स्थापना के औपचारिकता को पूरा करते हुए कार्य प्रारंभ करने का भी आग्रह किया. अधिकारियों ने विधायक की मांगों पर त्वरित पहल करने का आश्वासन दिया है.












