अनिल कुमार/बोकारो : बोकारो इस्पात नगर के विभिन्न सेक्टरों के हजारों क्वार्टर अवैध कब्जे में हैं. इन क्वार्टरों में करीब 100 से अधिक क्वार्टर अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों ने किराए पर लगा रखे हैं. इससे इनकार नहीं किया जा सकता है कि इन सब में बीएसएल के अधिकारियों और टीए डिपार्टमेंट की भी संलिप्ता है. (नीचे भी पढ़ें)
उक्त बातें बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन के सचिव राजू सिंह ने कही है. साथ ही, उन्होंने कहा कि आरटीआइ में जो खुलासे हुए हैं वह चौंकानेवाले हैं. उन्होंने कहा कि इन क्वार्टरों में बीएसएल के कर्मचारी नहीं बल्कि पुलिस, होमगार्ड व अन्य लोगों सहित अधिकारियों के सहयोगी रह रहे हैं. इन क्वार्टरों से हर माह करोड़ों रुपए की वसूली होने की भी बात कही जा रही है.(नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि इन सभी क्वार्टरों में बीएसएल के एसी, हीटर और पानी का जमकर इस्तेमाल होता है और इन लोगों को बिजली पानी के भी पैसे नहीं देने पड़ते हैं, जिसे हटाने के बजाय कुछ लोग इन सभी लोगों को संरक्षण दे रहे हैं. मामले को लेकर बीएसएल प्रबंधन हर बार सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा कब्जा किए जाने की बात कहता है, लेकिन अब प्रबंधन की पोल पूरी तरह खुल चुकी है. राजू सिंह ने मांग की है कि अवैध कब्जाधारियों से खाली कराकर बीएसएल से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अलॉट किया जाय.











