घाटशिला : घाटशिला महाविद्यालय में इंटरमीडिएट 11वीं कक्षा में नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ शनिवार को कर दिया गया है. पहले दिन ही विद्यार्थियों ने 468 प्रोस्पेक्टस नामांकन के लिए लिया. इसका नामांकन 10 जुलाई से होगा. नामांकन को लेकर प्राचार्य डॉक्टर आर के चौधरी ने एक सूचना भी जारी किया है. जिसमें स्पष्ट किया गया है कि 10वीं परीक्षा उत्तीर्ण ऐसे विद्यार्थियों को 11वीं में नामांकन की सुविधा दी जा रही है. जिनका नामांकन अभी तक कहीं नहीं हुआ है. घाटशिला महाविद्यालय में वाणिज्य में 512 एवं विज्ञान संकाय में 512 सीटों पर डायरेक्ट नामांकन 10 जुलाई से 27 जुलाई तक लिया जाएगा. सीट भरते ही नामांकन प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी. विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय में किसी भी श्रेणी से दसवीं पास विद्यार्थी नामांकन ले सकेंगे.(नीचे भी पढ़े)
इंटर कला(आर्ट्स) में कम से कम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी सीधे नामांकन करवा सकते हैं. यह डायरेक्ट ऐडमिशन 320 सीटों पर “पहले आओ पहले पाओ” के आधार पर लिया जाएगा. जिन विद्यार्थियों को 60 प्रतिशत से कम अंक है. वे अपना नामांकन फॉर्म कॉलेज में जमा करेंगे. उनका नामांकन बाकी बचे 320 सीटों पर आरक्षण के अनुसार मेरिट लिस्ट निकाल कर लिया जाएगा. डायरेक्ट एडमिशन 10 जुलाई से 20 जुलाई तक होगा. सीट भर जाने पर डाइरेक्ट नामांकन बंद कर दिया जाएगा. कम अंक वाले विद्यार्थियों के जमा आवेदन का मेरिट लिस्ट आरक्षण के आधार पर निकालकर नामांकन 21 जुलाई से 27 जुलाई तक होगा.(नीचे भी पढ़े)
नामांकन से पूर्व विद्यार्थियों को नामांकन संबंधी आवश्यक कागजात जैसे एसएलसी (ओरिजिनल), मार्कशीट, एडमिट कार्ड, कास्ट सर्टिफिकेट, आधार कार्ड और ब्लड ग्रुप का फोटो कापी कागजात संलग्न कर इसका सत्यापन विभागीय शिक्षकों से कराना होगा. सत्यापन करवाने के पश्चात ही काउंटर पर नामांकन के लिए जाएंगे. छात्रों की सुविधा के लिए कमरा संख्या 24 में हेल्प डेस्क लगाया गया है. जहां विद्यार्थी सुबह 10 बजे से 2 बजे तक अपने नामांकन फार्म का सत्यापन और कागजात का जांच करवा सकेंगे. नामांकन संबंधी कागजात के सत्यापन हेतु किस दिन कौन शिक्षक उपलब्ध रहेंगे, इसकी सूची भी जारी कर दी गई है. प्राचार्य डॉ आर के चौधरी ने बताया कि 27 जुलाई तक नामांकन प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी तथा एक अगस्त से नव नामांकित विद्यार्थियों का महाविद्यालय में विधिवत वर्ग संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा.



