जमशेदपुर : परसुडीह बाजार में साफ-सफाई एवं बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर भाजपा परसुडीह मंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन का सकारात्मक असर देखने को मिला है. ज्ञापन सौंपे जाने के बाद बाजार में साफ-सफाई का कार्य शुरू होने पर भाजपा परसुडीह मंडल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बाजार समिति के सचिव अभिषेक आनंद के प्रति धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया. (नीचे भी पढ़ें)
ज्ञात हो कि भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष श्री सुमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था. इसमें परसुडीह बाजार में समुचित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई थी. साथ ही, दुर्गा पूजा के मद्देनजर बाजार में स्वच्छता बनाए रखने एवं आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया था. इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने कहा कि जनता की समस्याओं को उठाना और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करना ही भाजपा परसुडीह मंडल का मुख्य उद्देश्य है. ज्ञापन के बाद बाजार में साफ-सफाई का कार्य शुरू होना एक सकारात्मक पहल है. इसके लिए उन्होंने बाजार समिति के सचिव अभिषेक आनंद एवं संबंधित कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया. इस अवसर पर मंडल महामंत्री विजय विश्वकर्मा, परसुडीह बाजार दुर्गापूजा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र यादव, सुभाष स्वर्णकार, कार्तिक वर्मन, तपन वैद्य एवं महेश प्रजापति, विनोद यादव, विक्की यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे.




