घाटशिला : घाटशिला थाना क्षेत्र के सिद्धू कान्हू मैदान पावड़ा के किनारे झाड़ी में बुधवार की शाम पावड़ा गांव निवासी गोपाल हेंब्रम ने केवल तार से गूलर के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. आसपास के लोगों ने पेड़ से लटकता शव देखकर पहचान करने के बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी. जानकारी मिलते ही पत्नी सीता हेंब्रम बेतहाशा दौड़ते हुए पति से लिपट गई इतने में केबल तार टूटने से शव के साथ पत्नी भी दबकर अचेत हो गई. लोगों ने पत्नी को उठाकर घर पहुंचाया बाद में घटना की सूचना पुलिस को दी गई.(नीचे भी पढ़े)

सूचना मिलते ही घाटशिला थाना के एसआई गोविंद कुमार घटनास्थल पहुंचकर पंचनामा तैयार कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया. घटना की सूचना मिलते ही विधायक प्रतिनिधि जगदीश भगत एवं पावड़ा पंचायत की मुखिया पार्वती मुर्मू सहित काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई. मृतक का भतीजा राजेश हेंब्रम ने बताया कि 3 साल पूर्व चाचा आईसीसी कंपनी से सेवानिवृत्त हुए थे. पत्नी सहित दो बेटा एवं दो बेटी छोड़ गए हैं. घाटशिला पुलिस मामले की जांच कर रही है.



