
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो के रहने वाले आपराधिक मामलों का आरोपी अमरनाथ सिंह की हत्या के मामले की जांच को लेकर दुमका पुलिस जमशेदपुर में ही है. यहां रहकर तीन अपपराधियों से पुलिस पूछताछ कर रही है. वहीं, इस कांड में जिसको शूटर बताया जा रहा है, उस विशाल सिंह की तलाश की जा रही है. इसके अलावा विशाल सिंह के दोस्त अमन सिंह की भी संलिप्तता की जांच की जा रही है. दूसरी ओर, इस कांड के बाद विशाल सिंह के लोग फरार हो गये है. उनके परिजन भी भागे हुए है. वहीं, दुमका के जरमुंडी पुलिस ने अमरनाथ सिंह के साथ गये चार लोगों को वापस जमशेदपुर भेज दिया है. उनको पीआर बांड पर छोड़ा गया है. इस बीच जमशेदपुर में दुमका पुलिस अमरनाथ सिंह हत्याकांड में विशाल सिंह के गाढ़ाबासा निवासी दोस्त अमन सिंह की संलिप्तता तलाश रही है. इससे पहले अमन व विशाल को इससे पहले सरायकेला पुलिस ने तिरुलडीह से आर्म्स के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था. अमरनाथ सिंह की हत्या के बाद पुलिस को सूत्रों से अमन सिंह के भी गाढ़ाबासा से फरार होने की सूचना मिली है. इससे अमरनाथ की हत्या में अमन का हाथ होने की आशंका पुलिस जता रही है. हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने व आरोपियों की शिनाख्त के लिए दुमका पुलिस मंदिर के पास से सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है. दूसरी ओर, अमरनाथ सिंह की हत्या में गिरफ्तार दीपक चौधरी उर्फ टेका चौधरी व अभिषेक सिंह उर्फ बिट्टू सिंह को पूछताछ के बाद पुलिस सोमवार को जेल भेज दिया. इधर, सिटी एसपी के विजय शंकर ने बताया कि दोनों के खिलाफ एमजीएम थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है, क्योंकि दीपक के पास से पिस्तौल और अभिषेक सिंह उर्फ बिट्टू के पास से तीन गोली बरामद हुई है. पुलिस के अनुसार दीपक चौधरी उर्फ टेका चौधरी के खिलाफ पहले से हत्या का मामला दर्ज है. सिटी एसपी के अनुसार, दोनों ने पूछताछ में अमरनाथ सिंह की हत्या मामले में संलिप्तता स्वीकार की है. (नीचे भी पढ़ें)
विशाल सिंह का परिवार भी लापता
जानकारी के अनुसार, विशाल के पिता निजी कंपनी में काम करते थे. 19 मई को टाटानगर स्टेशन पार्किंग ठेकेदार नीरज दुबे पर फायरिंग के बाद रेल पुलिस ने उसके घर कई बार छापेमारी की थी. इससे विशाल सिंह के पिता किराये का घर खाली कर परिवार समेत अचानक पटना चले गए. मालूम हो कि टाटानगर स्टेशन पर नीरज दुबे ने संतोष सिंह से मारपीट की थी. इसके कुछ दिनों बाद विशाल सिंह ने नीरज दुबे पर हत्या की नीयत से गोली चलाई थी, लेकिन वह बच गया. इसके बाद से फरार विशाल सिंह, बिट्टू को लेकर बाबा धाम गया था, जहां अमरनाथ को देखकर हत्या की योजना बनायी. पुलिस का मानना है कि अमरनाथ सिंह हत्याकांड में अभी और कई लोगों की गिरफ्तारी होगी, क्योंकि दीपक चौधरी उर्फ टेका चौधरी व अभिषेक सिंह उर्फ बिट्टू सिंह से पुलिस को कई अहम जानकारी मिली है. आर्म्स एक्ट मामले में जेल गए दीपक चौधरी उर्फ टेका चौधरी और अभिषेक सिंह उर्फ बिट्टू को दुमका पुलिस अमरनाथ सिंह हत्याकांड में प्रोडक्शन वारंट पर ले गयी.















