
रांची : झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस पोलिटिकल अफेयर्स कमिटी की बैठक रांची के कांग्रेस भवन में प्रदेश कांग्रेस कमिटी की अध्यक्ष राजेश ठाकुर की अध्यक्षता में हुई. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव व झारखण्ड प्रभारी अविनाश पाण्डेय शामिल हुए. बैठक में विधायक दल के नेता सह मंत्री आलमगीर आलम, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, मंत्री बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख, सुखदेव भगत, फुरकान अंसारी, के. एन. त्रिपाठी, ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह, भीम कुमार एवं संजय लाल पासवान उपस्थित थे. बैठक को सम्बोधित करते हुए झारखण्ड प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद राहुल गॉंधी की सदस्यता बहाल कर दी गयी है, जो हमारे लिए हर्ष का विषय है. आखिरकर सत्य की जीत हुई है. एक बार फिर से राहुल गॉंधी देश के युवाओं, महिलाओं, किसानों एवं आम जनता की समस्याओं को लोकसभा में अपना बात रखने लगे. राहुल गॉंधी ने जिस तरह से संसद में प्रधानमंत्री के ऊपर अडानी के रिश्ते को लेकर सवाल खड़ा किया एवं मंहगाई, बेरोजगारी के उपर बात को रखा, तो भाजपा के नेता तिलमिला गये और उनकी सदस्यता समाप्त करने के लिए षडयंत्र रच डाला, लेकिन इसमें भाजपा कामयाब नहीं हो सकी, आखिर सत्य की जीत हुई। (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि संगठन की पूर्णता सबसे महत्वपूर्ण है। प्रदेश में संगठन की अधिकतम इकाईयों का गठन हो चुका है और मण्डल एवं पंचायत स्तर की कमिटियां लगभग हो चुकी है और जो कुछ बची है वो पन्द्रह दिन के अन्दर गठित हो जायेगी। साथ ही साथ बूथ स्तर पर विशेष कार्यक्रम के माध्यम से बूथ स्तर पर कांग्रेसजनों की टीम तैयार की जायेगी, जो आनेवाले चुनाव के कार्यक्रम को लेकर एवं सरकार की उपलब्धियों, कांग्रेस की विचारधारा, भारत जोड़ो के संदेश जो प्रेम और मोहब्बत से समाज को जोड़ने का संदेश है, उसे आम जनता के बीच पहुंचाने का कार्य करेगी। विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर हमारी कोर कमिटी मण्डल एवं पंचायत कमिटी के माध्यम से जनता के बीच जायेगी। हमारे अग्रणी संगठन खासतौर से युवा कांग्रेस के साथ जो पन्द्रह-बीस वर्षों से पार्टी के लिए काम कर चुके हैं, वैसे अनुभवी नेतृत्व को लेकर अन्य कांग्रेस के संगठन के लोगों के साथ मिलकर एक स्वतंत्र कार्यक्रम उनके लिए चलाया जायेगा, जिसमें चारो अग्रणी संगठन के लोग होंगे, जो युवाओं, छात्रों एवं महिलाओं के बीच जाकर इस कार्य को पूरा करेगी, जिससे संगठन को फायदा पहुंचेगा. अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निदेशानुसार राज्य के आरक्षित लोकसभा/विधानसभा क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम चलाया जा रहा है. राज्य स्तर पर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जायेगा और इसके लिए चयनित कांग्रेसजनों को प्रशिक्षण दिया जायेगा, जो हरेक क्षेत्र में जाकर जिला, मण्डल एवं पंचायत स्तर पर इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को आगे बढ़ायेंगे. उन्हेांने आगे कहा कि आनेवाले दिनों में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गॉंधी, प्रियंका गांधी की झारखण्ड में पब्लिक मीटिंग का प्रस्ताव रखा गया है. इस प्रस्ताव को उनके सामने रखा जायेगा ताकि जितना जल्दी हो सके चुनावी रैलियां और संगठन के कार्यकर्ताओं से उनकी भेंट के लिए सहमति लिया जा सके. प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि संगठन सशक्तिकरण को लेकर लगातार प्रदेश के नेता अपने-अपने प्रभार जिलों में जाकर एआईसीसी और पीसीसी के द्वारा दिए गये सारे कार्यक्रमों को आयोजित करवा रहे हैं. प्रदेश, जिला एवं प्रखण्ड स्तर पर संगठन सशक्तिकरण के तहत कमिटी का गठन हो चुका है. (नीचे भी पढ़ें)
साथ हीं साथ मण्डल एवं पंचायत स्तर पर भी कमिटी का गठन हो चुका है, जो कुछ कमिटी बचा है, वो बहुत जल्द पूर्ण कर लिया जायेगा. आगामी लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव को लेकर पूरे प्रदेश में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में लगे हुए हैं. हमारे संगठन के लोग आम जनता के बीच में जाकर उनकी समस्याओं का समाधान भारत जोड़ो की बात आम जनों के साथ कार्यक्रम के तहत कर रहे हैं, साथ हीं साथ कांग्रेस की विचारधारा एवं सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से आम जनता को रूबरू करा रहे हैं. हमारे लिए हर्ष का विषय है कि हमारे नेता राहुल गॉंधी की संसद सदस्यता सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के पश्चात् वापस कर दी गयी, जो सत्य की जीत है. कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि आगामी लोकसभा एवं विधानसभा को देखते हुए संगठन को पूरी तरह से मजबूत करने का कार्यक्रम प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर तक किया जा रहा है. निश्चित तौर पर 2024 में राज्य के अधिक से अधिक सीटों पर इंडिया गठबंधन की जीत सुनिश्चित है. भाजपा जिस तरह से पूरे देश में आपसी सौहार्द्र को बांटने का काम कर रही है, उसे पूरा देश देख रहा है. एक तो पहले से हीं बेरोजगारी, मंहगाई से देश परेशान है, साथ ही साथ जो हमारी भाईचारा थी, उसे भी भाजपा वाले खत्म कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्यमंत्री से मिले कांग्रेस प्रभारी
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से बुधवार को झारखंड कांग्रेस के प्रभारी अविनाश पांडेय, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ठाकुर, मंत्री आलमगीर आलम और बादल पत्रलेख तथा प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने औपचारिक मुलाकात की. इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री को विश्व आदिवासी दिवस की बधाई दी. इस दौरान उन्होंने आगामी चुनावों के सिलसिले में मुख्यमंत्री के साथ विस्तार से मंत्रणा किया. वहीं, राज्य के विकास और जनहित से जुड़े कई विषयों को लेकर भी विचार- विमर्श हुआ. इस दौरान चुनावी तैयारियों की भी समीक्षा की गयी.












