जमशेदपुर : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से 2023-24 में आयोजित होने वाली परीक्षाओं और उनके परिणाम को लेकर कैलेंडर जारी किया गया है. नोटिफिकेशन जारी कर जेएसएससी ने इसकी जानकारी दी है. नोटिफिकेशन में परीक्षा की संभावित तिथि समेत रिजल्ट के प्रकाशन की तारीख भी जारी की गई हैं. स्नातकोत्तर प्रशिक्षित प्रतियोगिता परीक्षा 18 अगस्त से 10 सितम्बर के बीच होगी और रिजल्ट की संभावित तिथि नवंबर के पहले सप्ताह में जारी किया जाएगा. झारखंड डिप्लोमा स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2 सितम्बर से 20 अक्टूबर के बीच प्रस्तावित है. वहीं रिजल्ट दिसम्बर 2023 में आने की संभावना है. झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 14-15 अक्टूबर और रिजल्ट दिसंबर के तीसरे सप्ताह में जारी होगी. झारखंड नगरपालिक सेवा संवर्ग संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 29 अक्टूबर और रिजल्ट दिसंबर अंतिम सप्ताह में संभावित रुप से जारी होगा. (नीचे भी पढ़ें)
उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा की लिखित परीक्षा दिसंबर के दूसरे सप्ताह और शारीरिक दक्षता परीक्षा सितंबर से नवंबर के बीच प्रस्तावित है. वहीं परीक्षा परिणाम जनवरी 2024 के दूसरे सप्ताह में जारी होने की संभावना हैं. झारखंड औद्योगिक प्रशिक्षण सेवा के विभिन्न व्यवसायों में प्रशिक्षण अधिकारी के लिए 15 से 17 दिसंबर के बीच परीक्षा आयोजित होगी. वहीं जनवरी 2024 के अंतिम सप्ताह में परीक्षाफल जारी किया जाएगा. मैट्रिक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा 28 अक्टूबर और रिजल्ट जनवरी 2024 के पहले सप्ताह में जारी की जाएगी. इंटरमीडिएट स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा नवंबर की अंतिम सप्ताह में प्रायोजित है. परीक्षा परिणाम जनवरी 2024 के अंतिम सप्ताह में जारी किया जाएगा. महिला पर्यवेक्षिका प्रतियोगिता परीक्षा नवंबर के तीसरे सप्ताह और रिजल्ट दिसंबर 2023 के अंतिम सप्ताह में जारी होगा. झारखंड स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा नवंबर के तीसरे सप्ताह और रिजल्ट जनवरी 2024 के तीसरे सप्ताह में जारी किया जाएगा. अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जेएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट चेक कर सकते हैं.











