जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित सूर्य मंदिर के पीछे नाले में शनिवार दोपहर एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला. स्थानीय लोगों ने पुलिस को नाले में शव पड़े होने की सूचना दी. सूचना मिलने पर सिदगोड़ा पुलिस वहां तत्काल पहुंची एवं शव को नाले से निकालकर एमजीएम अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया. पुलिस फिलहाल मृतक की पहचान कराने में जुटी है. सिदगोड़ा थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों ने शव मिलने की सूचना दी थी. मृतक की उम्र 25 वर्ष के आसपास है, जिसने हरे रंग की शर्ट और जींस पहन रखी है. शव को देख कर लगता है कि युवक की मौत नाले में डूबने के कारण हुई है. मामले की जांच की जा रही है.



