
सरायकेला : सावन के सातवें सोमवारी के मौके पर कलानागरी सरायकेला में युवा भैरव संघ की ओर से विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गयी. जहां सोमवार तड़के प्रातः 5:00 बजे संजय नदी पहुंच कर कांवरियों ने संजय नदी से पवित्र जल भरकर जल कलश कांवर के साथ कांवड़ यात्रा प्रारंभ की. इस कांवड़ यात्रा में बूढ़े- बच्चे जवान शामिल हुए. इस दौरान कांवड़ियों द्वारा बोल बम और हर हर- महादेव के जयकारे लगाए जाते रहे. कांवड़ियों के ऊपर पानी का भी छिड़काव किया जा रहा था. कांवड़ यात्रा के दौरान भगवान भोलेनाथ की मनमोहक भेष सज्जा आकर्षण का केंद्र रहा. इस विशाल कांवड़ यात्रा में लगभग 300 श्रद्धालु शामिल हुए, जो नाचते- गाते ढोल, नगाड़ा, डीजे एवं भजनों पर थिरकते हुए शिव भक्ति में पूरी तरह मग्न होकर मंदिर पहुंचे व वहां जलाभिषेक किया. इस दौरान सावन महीने और भगवान भोलेनाथ के गीत भी बजाए गए. तकरीबन 10 किलोमीटर की पैदल कांवड़ यात्रा कर भक्त कांवरिया सरायकेला के कूदरसाई स्थित बाबा बुद्धेश्वर भोलेनाथ शिव मंदिर पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)
इस पूरे कांवड़ यात्रा के दौरान सरायकेला विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य, नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, लीपू महंती भी कांवर यात्रा में शामिल रहे. कतारबद्ध होकर बाबा बुद्धेश्वर भोलेनाथ शिवलिंग पर कांवरियों ने जलाभिषेक किया. और सुख शांति और समृद्धि की मंगल कामना की. मौके पर सरायकेला विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य ने बाबा बुद्धेश्वर महादेव भोलेनाथ के दरबार में मत्था टेकते हुए जलाभिषेक किया. व सुख शांति के लिए भगवान भोलेनाथ से मंगल प्रार्थना की. कांवड़ यात्रा के दौरान कांवरियों की सुरक्षा के लिए जहां प्रशासन की ओर से पुलिस बल साथ- साथ रहे. वहीं सेवादल द्वारा भी कांवड़ मार्ग में कांवरियों की सहायता के लिए बाइक और गाड़ियों से साथ रहे. जगह- जगह पर सेवा दलों द्वारा शिविर लगाकर कांवरियों को स्वच्छ पेयजल एवं मीठा शरबत पिलाया गया. गेस्ट हाउस शिव भक्त मंडली द्वारा सदर अस्पताल के समीप शिविर लगाकर कांवड़ यात्रा कर रहे कांवरियों को स्वच्छ शीतल पेयजल एवं मीठा शरबत पिलाया गया. जिसमें पूर्व वार्ड पार्षद जुगल तापे, डॉ चंदन कुमार, मिलन पोद्दार, लालू सहित सेवादल के दर्जनों सदस्य शामिल रहे. सातवें सोमवारी पर सरायकेला के आसपास क्षेत्रों में भी मंदिरों में काफी भीड़ रही. सरायकेला के कुदरसाई स्थित बाबा बुद्धेश्वर महादेव शिव मंदिर, माजना घाट स्थित बाबा पंचमुखी महादेव शिव मंदिर, गेस्ट हाउस स्थित प्रसिद्ध महादेव शिव मंदिर, इंद्रटांडी स्थित बाबा बामदेव शिव मंदिर, डेली मार्केट, हंसाहुड़ी व थाना चौक शिव मंदिर के अलावा भुरकुली गांव स्थित बाबा विश्वनाथ शिव मंदिर, मानिक बाजार गांव स्थित बाबा महाकालेश्वर शिव मंदिर, विजय तरण गांव स्थित प्राचीन शिवालय व सीनी स्थित शिवालयों में शिव भक्तों का तांता लगा रहा.











