जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची आमबगान स्थित प्रेम ज्योति स्कूल का एक छात्र सोमवार को घर लौटने के दौरान ऑटो से गिर गया. ऑटो वाले को इस बात की भनक भी नहीं लगी कि पीछे बैठा बच्चा गिर गया है. बताते चले कि पहली कक्षा का सात वर्षीय शिवम सेनापति स्कूल की छुट्टी होने पर अपने ऑटो से घर जा रहा था. ऑटो वाला इतनी हड़बड़ी में था कि शिवम कब ऑटो से गिरा उसे पता भी नहीं चला और वह अपने रास्ते निकल गया. (नीचे भी पढ़ें)
शिवम को हाथ, नाक, चेहरा और छाती में चोट लगी हैं. इस दौरान एक राहगीर मंदिर जा रहा था, उसने शिवम को टीएमएच पहुंचाया और घायल छात्र के घरवालों को सूचित किया. सूचना पाते ही छात्र की मां मनोरमा सेनापति अस्पताल पहुंची. पिता भी ड्यूटी छोड़कर अस्पताल पहुंचे और उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती करवाया. इस घटना ने छात्रों की सुरक्षा पर सवालिया निशान बना दिया है. ऑटो चालक मोटी कमाई के कारण बच्चों को भेड़ बकरियों की तरह गाड़ी में ठूस देते है और जल्दी घर पहुंचाने के लिए बच्चों की सुरक्षा पर जरा भी ध्यान नहीं देते हैं. समाचार लिखे जाने तक उक्त चालक से परिजनों का संपर्क नहीं हो पाया है.











