जमशेदपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग चौक के पास ईश्वरलाल ज्वेलर्स में घुसकर लाखों रुपये के लूट के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. सोमवार को जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के तीन जगहों से पुलिस ने छापामारी कर लूटकांड में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार किया. बिहार से आये तीन आरोपियों को साकची साई गेस्ट हाउस से गिरफ्तार किया. इसके अलावा एक व्यक्ति को साकची काशीडीह रोड नंबर 1 के होल्डिंग नंबर 20 से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जाता है कि सरायकेला-खरसावां जिले के एएसपी के स्तर पर जांच करने के लिए पहुंची टीम ने इन सारे लोगो को गिरफ्तार किया. इन सारे आरोपियों के पास से पिस्तौल बरामद किया गया है. विदित हो कि बीते 6 अगस्त को ग्राहक की वेश में हथियार के नोंक पर तीन की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने करीब 15 से 20 लाख रुपए के जेवरात लूट कर फरार हो गए थे. घटना के बाद एसपी डॉ विमल कुमार ने मौके पर पहुंच खुद जांच की थी. साथ ही एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया था. टीम ने अनुसंधान के क्रम में कई अहम सुराग इकट्ठे कर लिए हैं. बताया जा रहा है कि एसआईटी पिछले चार दिनों से छापेमारी कर रही है. बता दें कि घटना के बाद डीआईजी अजय लिंडा ने भी समीक्षा की थी और तकनीकी सेल का गठन करते हुए जमशेदपुर पुलिस को भी अनुसंधान में शामिल किया था. साथ ही प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था.











