जमशेदपुर : जमशेदपुर के पूर्व सांसद डॉक्टर अजय कुमार ने शनिवार को मुजफ्फरनगर की शिक्षिका के खिलाफ एफआईआर टेल्को थाना में दर्ज करवाया है. उन्होंने बताया कि यूपी के मुजफ्फरनगर के एक प्राइवेट स्कूल नेहा पब्लिक स्कूल की शिक्षिका तृप्ता त्यागी का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें शिक्षिका एक मामसूम से बच्चे को उसी के सहपाठियों द्वारा पिटवा रही है. वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि छात्र बारी बारी करके उस मासूम से बच्चे को जोर जोर से मुंह और कमर में थप्पड़ मार रहे है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं वह मासूम जोर जोर से चिल्ला रहा है. इसे लेकर पूर्व सांसद ने टेल्को थाने में मुजफ्फरनगर के नेहा पब्लिक स्कूल की शिक्षिका तृप्ता त्यागी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है. डॉ अजय ने कहा कि स्कूल में एक शिक्षक द्वारा इस तरह का कृत्य वास्तव में अमानवीय है, मासूम बच्चों के मन में भेदभाव का ज़हर घोलना, स्कूल जैसे पवित्र स्थान को नफरत का बाज़ार बनाना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. ऐसी राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई होनी ही चाहिए.



