
रांची/जमशेदपुर : केंद्र सरकार के कॉमर्शियल माइनिंग के लिये नीलामी के निर्णय तथा कोयला उद्योग के निजीकरण के लिए षड्यंत्र के खिलाफ एवं कोयला उद्योग के संगठित और असंगठित मजदूरों की लंबित न्यायोचित मांगों के लिए कोयला मजदूरों की 2, 3 और 4 जुलाई की 3 दिन की देशव्यापी हड़ताल होने जा रही है. इसका समर्थन सेन्टर आफ इंडियन ट्रेड युनियन्स (सीटू), कोल्हान समिति द्वारा पूर्ण समर्थन दिया गया है. जल, जंगल, जमीन और खनिज जैसी हमारी राष्ट्रीय संपदा को बचाने का संघर्ष अब एक नए दौर मे पहुंच गया है क्योंकि कोयले के वाणिज्यिक खनन के बहाने केंद्र सरकार कृषि, वन, पर्यावरण सभी को कार्पोरेट घरानों के हवाले कर रही है. विडंबना यह है कि सार्वजनिक क्षेत्र की संस्थाओं और राष्ट्रीय संपत्ति के निजीकरण एवं कोर सेक्टर में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के दायरे को व्यापक बना कर ‘आत्मानिर्भर भारत अभियान’ के पर्याय के रूप में स्थापित किए जा रहे हैं. कोयला मजदूरों ने देश की संपत्ति को बचाने के लिए जो संघर्ष छेड़ा है, यह समय की जरूरत के अनुसार सच्ची देशभक्ति का एक मिसाल है. कॉमर्शियल माइनिंग के खिलाफ झारखण्ड सरकार की सुप्रीम कोर्ट मे रिट पीटिशन दाखिल का निर्णय को स्वागत करते हुए, सीटू की ओर से ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बधाई संदेश भी भेजा जा चुका हैं. जिस कॉमर्शियल माइनिंग की नीलामी की कोशिश को कोयला कामगारों ने अपनी एकता और संघर्ष से पांच बार विफल कर दिया उसके खिलाफ अब स्वयं प्रधानमंत्री ने मोर्चा संभाल लिया है और 18 जून को कॉमर्शियल माइनिंग की नीलामी मे स्वयं मौजूद रहकर उन्होंने इसका एलान भी कर दिया है. देश का मजदूर वर्ग अपने प्रधानमंत्री के इस कदम से आक्रोशित है. अब इस परिस्थिति में कामगारों की एकजुटता और संघर्ष और देशभक्त जनता का सक्रिय समर्थन से ही, जल जंगल जमीन और खनिज जैसी हमारी राष्ट्रीय संपदा को हम बचा सकते हैं. सीटू लंबे समय से कोयला सहित अन्य मुख्य और रणनीतिक क्षेत्र में सरकार की एफडीआई की नीति का विरोध कर रहा है. सीटू सभी देशभक्त जनता से राष्ट्रीय हित में आत्मनिर्भरता की रक्षा के लिए कोयला मजदूरों की इस आंदोलन को अपना समर्थन देने की अपील की है.
अनूप सिंह बनाये गये राष्ट्रीय मजदूर कोलियरी संघ के अध्यक्ष
झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सह इंटक के राष्ट्रीय सचिव अनूप सिंह उर्फ कुमार जयमंगल को राष्ट्रीय मजदूर किलोयिरी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिये गये है. पिता और इंटक के राष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र सिंह के निधन के बाद वे अध्यक्ष बनाये गये है. धनबाद के फुसरो में राज्य के पूर्व मंत्री और इंटक के वरिष्ठ नेता मन्नान मल्लिक की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से अनूप सिंह को अध्यक्ष चुन लिया गया. इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी संजीवा रेड्डी को भी इसकी जानकारी दी गयी, जिनकी सहमति मिल चुकी है.




