
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना अंतर्गत बड़ा तालाब के समीप 70 वर्षीय बुजुर्ग ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. इधर स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी स्थानीय थाना को दी. वहीं बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक का नाम माला राम बताया जाता है. जानकारी देते हुए परिजनों ने बताया कि आर्थिक तंगी और पारिवारिक कलह से तंग आकर बुजुर्ग ने आत्महत्या की है. बताया जाता है कि बुजुर्ग के दो जवान बेटे की पूर्व में ही मौत हो चुकी है जिससे उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी. पड़ोसियों ने बताया कि घर पर अक्सर किसी न किसी बात को लेकर पत्नी के साथ विवाद रहता था और मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण बुजुर्ग हमेशा तनाव में रहते थे. यही कारण है कि उनके द्वारा यह कदम उठाया गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है.



