
जमशेदपुर : विधानसभा चुनाव को देखते हुए हर जनप्रतिनिधि अपने अपने विधानसभा क्षेत्र के बची- खुची योजनाओं को जल्द से जल्द पूरा कराने में जुट गए हैं. इधर झारखंड सरकार के मंत्री और जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सहिस और जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने भी आज जुगसलाई नगरपालिका क्षेत्र में लगभग एक करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ किया है. वही मंत्री रामचंद्र सहिस ने बताया कि झारखंड सरकार लगातार हर क्षेत्र के विकास पर पूरा जोर दे रही है. जिससे पूरे राज्य का सर्वांगीण विकास जारी है. वहीं सांसद विद्युत वरण महतो ने झारखंड सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की. साथ ही भरोसा जताया कि जल्द ही जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के बचे हुए काम धरातल पर उतर जाएंगे. वही जुगसलाई नगरपालिका क्षेत्र के कार्यपालक पदाधिकारी ने डेढ़ महीने के भीतर सभी योजनाओं को धरातल पर उतारे जाने का दावा किया है. फिलहाल जुगसलाई नगरपालिका क्षेत्र के लोगों को सड़क, नाली सहित जरूरी सुविधाओं की सौगात मिलने से बड़ी राहत मिली है. वैसे आगामी विधानसभा चुनाव में इसका क्या प्रभाव पड़ेगा ये तो आने वाला समय ही बताएगा.



