जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी का बड़ा मामला प्रकाश मे आया है. कारवां ट्रांसपोर्ट के तहत बस परिचालन करने वाले रईस आलम ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. उनकी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बुधवार की देर रात मानगो बस स्टैंड से आरोपी प्रफुल्ल पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश कई दिनों से चल रही थी. पुलिस को सूचना मिली कि वह मानगो बस स्टैंड पर मौजूद है. इसके बाद छापामारी कर उसे दबोच लिया गया. शिकायतकर्ता रईस आलम के अनुसार, वर्ष 2022-23 में प्रफुल्ल पांडे ने बस परमिट और टैक्स के नाम पर किस्तों में 6.5 लाख रुपये लिए.(नीचे भी पढ़े)
बदले में आरोपी ने उन्हें नकली परमिट और फर्जी टैक्स रसीद थमा दी. सच्चाई सामने आने पर आलम को दंडस्वरूप 3.5 लाख रुपये अतिरिक्त टैक्स चुकाना पड़ा. आलम ने यह भी बताया कि उनके सहयोगी खिजर हयात के वाहनों ओडी 09 के 9577, ओडी 09 के 9677, ओडी 09 के 7677 और ओडी 09 के 7977—के लिए भी आरोपी ने जाली दस्तावेज उपलब्ध कराए थे. इस संबंध में मोबाइल रिकॉर्डिंग और ऑनलाइन भुगतान के सबूत भी उनके पास हैं. इतना ही नहीं, 28 जून 2025 को जब आलम ने बकाया रकम की मांग की तो आरोपी ने उनके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई और गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी. पीड़ित ने कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी. इसी आधार पर पुलिस ने प्रफुल्ल पांडे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.













