जमशेदपुर : कोल्हान के सबसे बड़ी कारोबारी और औद्योगिक संस्था सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के विभिन्न पदों पर चुनाव चल रहा है. इस चुनाव में कई लोगों ने अपनी दावेदारी की है. सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (2025–2027) के सेक्रेटरी (ट्रेड एंड कॉमर्स) पद के उम्मीदवार मनोज चेतानी ने सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत वर्धमान ज्वैलर्स में दिनदहाड़े हुई लूट की घटना की कड़ी निंदा की है और जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर शहर के व्यस्त इलाके में हथियार की नोक पर लाखों रुपये के गहनों की लूट व्यापारी वर्ग के बीच गहरी चिंता और भय का माहौल पैदा करती है. यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि हमारे व्यापारिक समाज की सुरक्षा पर सीधा हमला है. श्री चेतानी ने यह भी याद दिलाया कि यह घटना पहली बार नहीं हुई है. पिछले वर्ष एबी ज्वेलर्स, सोनारी से 80 लाख रुपये के गहने और नकद लूटे गए थे. बिष्टुपुर के बड़े प्रतिष्ठान से नकद लूट की वारदात भी हो चुकी है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि इन लगातार घटनाओं से यह स्पष्ट है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और व्यापारी वर्ग लगातार निशाने पर है. श्री चेतानी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि लूट की घटना की तत्काल और गहन जांच हो, दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए, स्वर्ण व्यवसायियों और अन्य व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, बाजारों में अनावश्यक भीड़भाड़ और जमावड़े पर रोक लगे, नशेड़ियों एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए, बाजार क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग, 24×7 कंट्रोल रूम और निगरानी व्यवस्था लागू की जाए. श्री चेतानी ने कहा कि व्यापारी वर्ग शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है. उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जमशेदपुर के विकास और शांति की बुनियादी आवश्यकता है. उन्होंने विश्वास जताया है कि प्रशासन इस घटना का जल्द से जल्द निष्पादन करेगी और जमशेदपुर में व्यापारियों के लिए भयमुक्त वातावरण स्थापित करने का कार्य करेगी.













