जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई बड़ी लूट की वारदात से सनसनी फैल गई है. व्यापारी साकेत अग्रवाल बैंक में करीब 30 लाख रुपये जमा कराने जा रहे थे, तभी इनोवा सवार अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया. अपराधियों ने व्यापारी पर मिर्च पाउडर फेंका, रुपयों से भरा बैग छीन लिया और हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए. इस घटना के बाद व्यापारी जगत में दहशत का माहौल है. इस घटना के बाद सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, महासचिव मानव केडिया, कैट के राष्ट्रीय सचिव सुरेश सोंथालिया पहुंचे. सूचना पाकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी मौके पर पहुंचे. (नीचे भी पढ़े)
सारे लोगों ने इस घटना की निंदा की और पुलिस की व्यवस्था पर सवाल उठाया. उन्होंने विधि व्यवस्था के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि 24 घंटे में दूसरी घटना निश्चित तौर पर कारोबारियों को डराता है और सामान्य व्यक्ति में भी डर का माहौल पैदा कर रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, कौशल सिंह, जदयू महानगर अध्यक्ष अजय कुमार और जिला प्रवक्ता आकाश शाह मौके पर पहुंचे. नेताओं ने इस घटना पर गहरी नाराज़गी व्यक्त की और कहा कि पुलिस-प्रशासन की नाकामी के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. जदयू नेताओं ने बताया कि बीते दो दिनों के भीतर शहर में दो बड़ी घटनाएं घटी हैं. बुधवार को सोनारी स्थित वर्धमान ज्वैलर्स में लूट और गुरुवार को बिष्टुपुर में यह वारदात इन घटनाओं से व्यापारियों और आम नागरिकों में दहशत का माहौल है. जदयू नेताओं ने मांग की कि पुलिस तत्काल अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करे और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए. साथ ही चेतावनी दी कि अगर अपराध पर नियंत्रण नहीं हुआ तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी.













