रामगोपाल जेना/चाईबासा : चाईबासा सदर थाना क्षेत्र में विगत 1 सितंबर को हुई लूट की घटना का पुलिस ने तीन दिन के अंदर उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने उक्त घटना में शामिल पांच अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से लूटी गई रकम का कुछ हिस्सा, एक देसी कट्टा, दो मोटरसाइकिलें, दो हेलमेट और दो मोबाइल फोन बरामद किये हैं. एसपी राकेश रंजन ने प्रेस कांफ्रेंस में उक्त जानकारी देते हुए बताया कि लूट कांड में गिरफ्तार अपराधियों में चक्रधरपुर थानांतर्गत पोटका निवासी लखन जामुदा (30), कराइकेला के डुमरडीहा निवासी साजिश केराई (25), चक्रधरपुर थानांतर्गत पोटका निवासी शिवा सामद उर्फ पोतो (21), पोटका के ही रितिक मुंडा (24) एवं टोकलो के डोवासाई निवासी बिरसा मुंडा शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से लूट के 86,500 रुपये नगद, दो बाइक, वारदात में प्रयुक्त हथियार, दो मोबाइल फोन एवं हेलमेट बरामद किये गये हैं. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. उन्होंने बताया कि फिलहाल मामले की जांच जारी है.













