जमशेदपुर : यूथ इंटक के राष्ट्रीय महासचिव सह टाटा वर्कर्स यूनियन के सहायक सचिव नितेश राज ने जमशेदपुर के उपश्रमायुक्त (डीएलसी) को ज्ञापन सौंपा. उन्होंने आदित्यपुर के औद्योगिक इकाईयों में कार्यरत मजदूरों को दुर्गा पूजा से पहले बोनस दिलाने की मांग की. उन्होंने सौंपे गये ज्ञापन में कहा है कि सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में दुर्गा पूजा के पूर्व बोनस देने का प्रावधान शुरू से चला आ रहा है. लेकिन इधर यह देखने में आ रहा है कि कुछ बड़ी औद्योगिक इकाइयों को छोड़कर कोई भी ना तो समय पर बोनस का भुगतान कर रहे हैं और ना ही सही तरीके से बोनस का भुगतान कर रहे हैं. बोनस का भुगतान औद्योगिक इकाइयों के हुऎ मुनाफा पर आधारित है एवं उन्हें मुनाफा न होने की स्थिति में न्यूनतम 8.33 फीसदी बोनस देना है जबकि लगभग 90 फीसदी कार्यरत इकाइयों में 8.33 फीसदी को ही अपना बोनस देने का आधार बनाकर कार्य करती है. उसमें से भी बहुत सारी इकाइयां तो बोनस का भुगतान करती ही नहीं है, उन्हें बोनस का भुगतान नहीं करना पड़े इसलिए वह मजदूरों को ठेकेदार के द्वारा कार्य में नियोजित करती है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने उपश्रमायुक्त से आग्रह किया है कि औद्योगिक क्षेत्र के सभी इकाइयों में बोनस की सघन जांच कर मजदूरों को उनका हक दिलाया जाए क्योंकि ज्यादातर प्रतिष्ठान बोनस भुगतान अधिनियम 1965 के तहत प्रपत्र ए बी सी डी नहीं रखते हैं और ना ही सेट ऑन और सेट ऑफ का पालन करते . वे ना ही ये लोग लोकल लेवल पर सरप्लस के आधार पर कोई निर्णय लेते हैं और न हीं लाभांश के आधार पर बोनस की दरें तय करते हैं. ज्यादातर औद्योगिक इकाइयां और उनके वेंडर न्यूनतम बोनस 8.33 फीसदी देकर मजदूरों का वास्तविक हक देने से कतराते हैं. औद्योगिक इकाइयों और उसके वेंडर को न्यूनतम 8.33 फीसदी और अधिकतम 20 फीसदी बोनस देना है, मगर ज्यादातर इकाइयां न्यूनतम बोनस देकर मजदूरों की हकमारी कर रही है. इस कारण श्रम विभाग को पहल कर दुर्गा पूजा के पहले बोनस दिलाने की मांग की गयी है.















